Gujarat: सनातनी संतों ने किया स्वामीनारायण मंदिरों के बहिष्कार का एलान, थम नहीं रहा भित्ति चित्र विवाद
Swaminarayan Temple स्वामीनारायण संप्रदाय द्वारा संचालित गुजरात के सालंगपुर हनुमान मंदिर में विवादास्पद भित्ति चित्र लगाने का विवाद बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर एक दर्जन शहरों में सनातनी साधु-संतों ने बैठकें की हैं। सनातनी संतों ने स्वामीनारायण मंदिरों के बहिष्कार का संकल्प लिया। भित्ति चित्रों में हनुमानजी को स्वामी नारायण संप्रदाय के संत सहजानंद स्वामी के सामने हाथ जोड़कर बैठे हुए दिखाया गया है।

शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। Swaminarayan Temple: स्वामीनारायण संप्रदाय द्वारा संचालित गुजरात के सालंगपुर हनुमान मंदिर में विवादास्पद भित्ति चित्र लगाने का विवाद बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर एक दर्जन शहरों में सनातनी साधु-संतों ने बैठकें की हैं। सनातनी संतों ने स्वामीनारायण मंदिरों के बहिष्कार का संकल्प लिया।
50 से अधिक स्वामीनारायण संतों ने की बैठक
भित्ति चित्रों में हनुमानजी को स्वामी नारायण संप्रदाय के संत सहजानंद स्वामी के सामने हाथ जोड़कर बैठे हुए दिखाया गया है। जानकारी के अनुसार, 50 से अधिक स्वामीनारायण संतों ने भी इस विवाद पर बैठक की। केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने इस विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
स्वामीनारायण संत नौतम स्वामी को पद से हटाया
अखिल भारतीय संत समिति ने उत्तेजक बयानबाजी के चलते स्वामीनारायण संत नौतम स्वामी को गुजरात के अध्यक्ष पद से हटा दिया। अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, अमरेली, बोटाद, सुरेंद्रनगर, कच्छ, वडोदरा आदि शहरों में रविवार को सनातनी संतों ने सालंगपुर मंदिर में विवादास्पद भित्ति चित्र व स्वामीनारायण संप्रदाय की धार्मिक पुस्तकों में सनातनी देवी-देवताओं से संबंधित अपमानजनक लेखों पर चर्चा की।
एक दर्जन से अधिक आश्रम, मठ व मंदिरों के संत-महंतों ने बैठक की
अहमदाबाद के लम्बी महादेव मंदिर में एक दर्जन से अधिक आश्रम, मठ व मंदिरों के संत-महंतों ने बैठक की। इसमें उन्होंने स्वामीनारायण संतों के बहिष्कार का एलान किया। रामानंदी संप्रदाय के संतों ने सालंगपुर हनुमान मंदिर परिसर में बनी 54 फीट ऊंची प्रतिमा से स्वामीनारायण तिलक हटाकर रामतिलक लगाने की मांग की है।
किन्नर समाज ने जताया अपना विरोध
उधर, किन्नर समाज ने भी अपना विरोध जताया है। भाजपा नेता राम माधव ने सालंगपुर पहुंचकर स्वामीनारायण संतों से मुलाकात की।
सूत्र बताते हैं कि स्वामीनारायण संप्रदाय वडताल ट्रस्ट ने सालंगपुर मंदिर से विवादास्पद भित्ति चित्र हटाने व संप्रदाय के साहित्य से विवादास्पद लेख हटाने पर सहमति जताई है, लेकिन इसकी अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
मंदिर में तोड़फोड़ करने के आरोप में तीन गिरफ्तार
सालंगपुर मंदिर में तोड़फोड़ करने और भित्ति चित्रों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक किशोर बालोलिया के अनुसार, आरोपितों की पहचान एक वीडियो के जरिये की गई। मुख्य आरोपित की पहचान हर्षद गढ़वी के रूप में हुई है। वीडियो में गढ़वी को मंदिर में भित्तिचित्रों को तोड़ते हुए देखा जा सकता है। उसके साथ जय सिंह भरवाड़ और बलदेव भरवाड़ भी थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।