विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Cyclone Biparjoy: अत्यधिक गंभीर चक्रवात में बदल सकता है बिपरजॉय, मछुआरों को अरब सागर में नहीं जाने की चेतावनी

By AgencyEdited By: Anurag Gupta
Published: Sun, 11 Jun 2023 03:50 AM (IST)

मौसम विभाग के अहमदाबाद केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि चक्रवात वर्तमान में पोरबंदर से 600 किमी दूर ...और पढ़ें

गुजरात से नहीं टकराएगा चक्रवात (फोटो: एएनआई)
गुजरात से नहीं टकराएगा चक्रवात (फोटो: एएनआई)

अहमदाबाद, पीटीआई। बेहद गंभीर चक्रवात बिपरजॉय के अगले 12 घंटों के दौरान अत्यधिक गंभीर चक्रवात में तब्दील होने की संभावना है, लेकिन मौजूदा पूर्वानुमान के अनुसार यह गुजरात से नहीं टकराएगा।

इस चक्रवात के पोरबंदर तट से 200-300 किमी की दूरी से गुजरने की संभावना है, लेकिन राज्य में अगले पांच दिनों में आंधी और तेज हवाएं आएंगी।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

अपने नवीनतम पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने कहा कि बिपरजॉय अगले 12 घंटों के दौरान एक अत्यंत गंभीर चक्रवात में बदल जाएगा। 

मौसम विभाग के अहमदाबाद केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि चक्रवात वर्तमान में पोरबंदर से 600 किमी दूर है। जैसे-जैसे यह निकट आएगा, पोर्ट सिग्नल की चेतावनी उसके अनुसार बदल जाएगी।

मछुआरों को दी गई चेतावनी

मछुआरों को अगले पांच दिनों के दौरान अरब सागर में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है और मछली पकड़ने की सभी गतिविधियों को निलंबित कर दिया गया है।

मोहंती ने कहा,

चक्रवात उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसकी गति उत्तर-पूर्व की ओर बदलने की संभावना है। इसके बाद चक्रवात की गति उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर होगी। गुजरात में अगले पांच दिनों के दौरान गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। खासकर सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में हवा की गति तेज रहेगी।

इन इलाकों में भारी वर्षा का अलर्ट

रायटर के अनुसार, मौसम विभाग द्वारा चक्रवात के अत्यधिक गंभीर होने की चेतावनी के बाद गुजरात के अलावा महाराष्ट्र, गोवा और अन्य तटीय राज्यों में भी अलर्ट की घोषणा की गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक केरल और तटीय कर्नाटक में छिटपुट स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है।