Gujarat Assembly Election 2022: भाजपा में शामिल हुए हर्षद रिबाडिया, कांग्रेस विधायक पद से दिया था इस्तीफा
Gujarat Assembly Election 2022 कांग्रेस नेता हर्षद रिबाडिया गांधीनगर में भाजपा में शामिल हो गए। हर्षद ने दो दिन पहले कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा दिया था। भाजपा में शामिल होते ने हर्षद ने पीएम मोदी की तारीफ की और कांग्रेस पर निशाना साधा।

गांधीनगर, एजेंसी। Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में कांग्रेस नेता हर्षद रिबाडिया (Harshad Ribadiya) वीरवार को गांधीनगर में भाजपा (BJP) में शामिल हो गए। हर्षद ने दो दिन पहले कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा दिया था। भाजपा के राज्य मुख्यालय 'कमलम' में आयोजित एक समारोह के दौरान वह पार्टी में शामिल हुए। गुजरात भाजपा महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
रिबाडिया ने पीएम मोदी की तारीफ की
प्रेट्र के मुताबिक, जूनागढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मेहसाणा तालुका कांग्रेस अध्यक्ष, किसान मोर्चा के नेताओं सहित कई स्थानीय कांग्रेस नेता भी इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा में शामिल हुए। भाजपा शासित राज्य में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। रिबाडिया ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष निमाबेन आचार्य को अपना इस्तीफा सौंपा था। भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद पूर्व कांग्रेस विधायक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा की। राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र के जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट से पूर्व विधायक ने कांग्रेस पर दिशाहीन होने का आरोप लगाया और पार्टी नेतृत्व पर जरूरत के समय उसकी मदद नहीं करने का आरोप लगाया।
कहा-कांग्रेस दिशाहीन हो गई
हर्षद ने कहा कि मोदी जिस तरह से देश का विकास कर रहे हैं और एमएसपी बढ़ाकर और कई अन्य पहल करके किसानों के हितों की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं, उससे मैं प्रभावित हूं। कांग्रेस दिशाहीन हो गई है। भाजपा की नीतियों ने उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को भी प्रभावित किया है। भाजपा सरकार ने मेरे क्षेत्र के किसानों को बिजली आपूर्ति के लिए मेरे अनुरोध पर ध्यान दिया। यही कारण है कि मैं भाजपा में शामिल हो गया हूं। आने वाले दिनों में मेरे कई मित्र भी पार्टी में शामिल होंगे। हम पार्टी के सैनिकों के रूप में काम करेंगे। उन्होंने विधानसभा में जो मुद्दे उठाए थे, वे किसी पार्टी या किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि किसानों के फायदे के लिए थे। भाजपा सरकार ने सभी मुद्दों को सुलझा लिया, यही वजह है कि मैं इसमें शामिल हुआ हूं।
विसावदर सीट से जीत हासिल की थी रिबाडिया ने
रिबाडिया 2017 में कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में विसावदर विधानसभा क्षेत्र से चुने गए थे, जो मुख्य रूप से पटेल समुदाय की सीट है। इससे पहले उन्होंने उस निर्वाचन क्षेत्र से 2014 का उपचुनाव भी जीता था। गुजरात में 2017 के विधानसभा चुनाव पाटीदार आरक्षण आंदोलन की पृष्ठभूमि में हुए थे, और सौराष्ट्र क्षेत्र में पटेल समुदाय के सदस्यों ने सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ अपना गुस्सा व्यक्त करने के लिए बड़े पैमाने पर कांग्रेस को वोट दिया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।