नई दिल्ली, जेएनएन। इस साल ओटीटी पर अब ऐसी फिल्मों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है, जो सिनेमाघरों में रिलीज हुई थीं। काजोल की फिल्म सलाम वेंकी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने के लिए तैयार है। शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गयी। 

रेवती के निर्देशन में बनी यह इमोशनल फिल्म 9 दिसम्बर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म थिएट्रिकल रिलीज के आठ हफ्तों बाद ओटीटी पर आ रही है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला था। क्रिटिक्स की प्रतिक्रिया भी मिलीजुली रही थी।

आमिर खान ने फिल्म में स्पेशल एपीयरेंस किया था। आमिर और काजोल ने फना फिल्म में साथ काम किया था। उसके बाद इस फिल्म में स्क्रीन स्पेस शेयर करते हुए नजर आये। उनके अलावा आहना कुमरा, राहुल बोस, राजीव खंडेलवाल और प्रकाश राज ने अहम किरदार निभाये हैं।

Zee5 पर इस दिन स्ट्रीम होगी फिल्म

इस फिल्म में काजोल ने एक ऐसी मां सुजाता का किरदार निभाया है, जिसके बेटे को असाध्य बीमारी है। बेटे के किरदार में विशाल जेठवा नजर आये थे।
विशाल के किरदार को ड्यूकेन मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी बीमारी से पीड़ित दिखाया गया है। यह ऐसा किरदार है, जो तमाम मुश्किलों के बावजूद जिंदगी जीना चाहता है। फिल्म Zee5 पर 10 फरवरी को रिलीज हो रही है।

वेब सीरीज डेब्यू करने वाली हैं काजोल

सलाम वेंकी के जरिए काजोल ने दो साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी। ओटीटी स्पेस की बात करें तो 2021 में आयी त्रिभंग से उन्होंने ओटीटी पर शुरुआत की थी। अब काजोल डिज्नी प्लस हॉटस्टार की सीरीज द गुड वाइफ के जरिए वेब सीरीज डेब्यू कर रही हैं। इस सीरीज में काजोल वकील के किरदार में नजर आएंगी। 

ओटीटी पर उतरने वाले हैं ये सितारे

काजोल के अलावा और भी कई कलाकार इस साल बॉलीवुड में ओटीटी पारी शुरू करने वाले हैं। इनमें शाहिद कपूर हैं, जो 10 फरवरी को प्राइम वीडियो पर आ रही वेब सीरीज फर्जी से ओटीटी स्पेस में उतरेंगे।

वहीं, वरुण धवन भी ओटीटी पर आने के लिए तैयार हैं। प्राइम वीडियो की ही सीरीज सिटाडेल से वरुण अपनी ओटीटी पारी शुरू करेंगे। उनके साथ सामंथा रूथ प्रभु भी पैरेलल लीड रोल में नजर आएंगी। इन दोनों सीरीज को राज एंड डीके ही निर्देशित कर रहे हैं। 

डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आ रही द नाइट मैनेजर से आदित्य रॉय कपूर ओटीटी पर आ रहे हैं। उनके साथ अनिल कपूर भी हैं। यह सीरीज 17 फरवरी को रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें: Friday OTT Releases- वध के साथ इस शुक्रवार अरबाज खान का शो 'The Invincibles', यहां देखिए ओटीटी की पूरी लिस्ट

Edited By: Manoj Vashisth