Drishyam 2: 100 करोड़ क्लब में 'दृश्यम 2' की धांसू एंट्री, अजय देवगन के करियर की चौथी सबसे तेज फिल्म
Drishyam 2 Box Office Collection 7 Days अजय देवगन के लिए ये साल मिलाजुला रहा। उनकी थैंक गॉड फ्लॉप रही मगर अब दृश्यम 2 बेहतरीन बिजनेस कर रही है। वहीं जिन फिल्मों में उन्होंने कैमियो किया उन्हें बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली।

नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2022 में हिंदी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर जो हाल रहा है, उसे देखते हुए दृश्यम 2 जैसी फिल्मों की सफलता को दुर्लभ ही कहा जाएगा। गुरुवार को रिलीज के सातवें दिन अजय देवगन की फिल्म ने 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया। मलयालम फिल्म की इस रीमेक का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है और ओपनिंग वीक में फिल्म की चाल सधी हुई रही, जिसके चलते फिल्म ने यह अहम पड़ाव पार कर लिया। गुरुवार को फिल्म ने 8 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया, जिसके साथ इसका सात दिनों का नेट कलेक्शन 104 करोड़ हो गया है।
अजय के लिए भी दृश्यम 2 की सफलता मायने रखती है, क्योंकि इससे पहले आयी उनकी बड़ी फिल्म थैंक गॉड बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी, जबकि यह फिल्म दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में उतारी गयी थी। अभिषेक पाठक निर्देशित दृश्यम 2 में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन और इशिता दत्ता और मृणाल जाधव ने अपने पुराने किरदारों को जिया है, जबकि अक्षय खन्ना दूसरे भाग में नई एंट्री हैं।
100 करोड़ पार करने वाली 2022 की पांचवी हिंदी फिल्म
दृश्यम 2 इस साल रिलीज हुई पांचवीं हिंदी फिल्म है, जिसने कम से कम 100 करोड़ का कलेक्शन किया है। दिलचस्प संयोग यह है कि इनमें से 2 फिल्मों में अजय देवगन की उपस्थिति है। 2022 की पहली 100 करोड़ी फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी फरवरी में आयी। इस फिल्म में अजय देवगन एक डॉन के कैमियो में दिखे थे।
यह भी पढ़ें: Box Office- बायकॉट ट्रेंड के बावजूद बॉलीवुड की इन फिल्मों ने किया कमाल, बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार

दूसरी फिल्म विवेक अग्निहोत्री निर्देशित द कश्मीर फाइल्स मार्च में रिलीज हुई थी और 252 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। मई में आयी कार्तिक आर्यन की फिल्म भूल भुलैया 2 ने 185 करोड़ जमा किये थे। इसके बाद सितम्बर तक बॉक्स ऑफिस पर हिंदी फिल्में ढेर होती रहीं और सितम्बर में रिलीज हुई रणबीर कपूर की फिल्म ब्रह्मास्त्र पार्ट-1 ने 244 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था।
अजय की चौथी सबसे तेज फिल्म 'दृश्यम 2'
- अजय की गोलमाल अगेन 100 करोड़ तक पहुंचने वाली सबसे तेज फिल्म है, जिसने महज चार दिनों में यह पड़ाव पार कर लिया था। गोलमान अगेन ने भी 200 करोड़ से अधिक लाइफ टाइम कलेक्शन किया था।
- उनकी दूसरी सबसे तेज फिल्म सिंघम रिटर्न्स हैं, जिसने पांच दिनों में 100 करोड़ का पड़ाव छू लिया था। इस फिल्म का लाइफ टाइम कलेक्शन 140 करोड़ रहा था।
- तीसरी सबसे तेज फिल्म तान्हाजी- द अनसंग वारियर है, जिसे 100 करोड़ बटोरने में छह दिन लगे। इसका लाइफ टाइम कलेक्शन 280 करोड़ रहा था। यह अजय की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म है।
- दृश्यम 2 अजय देवगन के करियर की दसवीं फिल्म है, जो 100 करोड़ क्लब में पहुंची है। इस अहम पड़ाव तक पहुंचने में फिल्म ने लगभग सात दिनों का समय लिया है। उनके करियर की यह चौथी सबसे तेज फिल्म है।
- टोटल धमाल ने 100 करोड़ पार करने में 9 दिन का समय लिया था। इस फिल्म का लाइफ टाइम कलेक्शन 154 करोड़ रहा था। यह अजय की पांचवीं सबसे तेज फिल्म है।
अजय की बाकी फिल्मों को 100 करोड़ तक पहुंचने में 16 से 50 दिनों तक का समय लगा है। सिंघम अजय की सबसे सुस्त फिल्म है, जिसने इस पड़ाव को छूने में पूरे 50 दिन का वक्त लिया था।

शुक्रवार से दृश्यम 2 VS भेड़िया
18 नवम्बर को रिलीज हुई दृश्यम 2 ने 15.38 करोड़ की बेहतरीन ओपनिंग ली थी। इसके बाद ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने 64.14 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया था। फिल्म वर्ल्डवाइड 100 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन पहले ही कर चुकी है। शुक्रवार से फिल्म के सामने वरुण धवन की फिल्म भेड़िया की चुनौती होगी, जो एक मसाला एंटरटेनर है और अय की फिल्म को कड़ी टक्कर दे सकती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।