World Aids Day 2022: फिर मिलेंगे से लेकर दस कहानियां तक, HIV पॉजिटिव का दर्द बयां करती हैं ये फिल्में
World AIDS Day 2022 1 दिसंबर 2022 को दुनियाभर में वर्ल्ड एड्स डे मनाया जा रहा है। देशभर में एचआईवी संक्रमण से जुड़ी अवेयरनेस दुनिया तक पहुंचाने में बॉलीवुड फिल्मों ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी है। एड्स से जुड़े सब्जेक्ट पर कई फिल्में बनाई गई हैं।

नई दिल्ली, जेएनएन। Film Based On HIV/AIDS: ह्यूमन इम्युनोडिफिशिएंसी वायरस (एचआईवी) एक ऐसा संक्रमण है, जिसके बारे में आज भी लोग खुलकर नहीं बात कर पाते हैं। पूरी दुनियाभर में 1 दिसंबर 2022 को एड्स दिवस मनाया जाता है, जहां एचआईवी/एड्स के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को अवेयर किया जाता है। आज भी दुनियाभर में एड्स के रोगियों को लोग भले ही संवेदना के भाव से देखते हों, लेकिन इस बीमारी की वजह से कई बार लोगों उनकी नौकरी तक गंवानी पड़ी है और साथ ही लोगों ने उन्हें छुआछूत की नजरों से भी देखते हैं। पिछले कई सालों में अलग-अलग माध्यमों से एड्स के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है। जिसमें बॉलीवुड इंडस्ट्री ने भी अपना पूरा योगदान दिया है और इससे जुड़ी कई फिल्में बनाई हैं। तो चलिए बिना देरी किए देखते हैं लिस्ट।
फिर मिलेंगे(2004)
साल 2004 में आई फिल्म 'फिर मिलेंगे' में एड्स को लेकर लोगों की मानसिकता को पर्दे पर बखूबी दिखाया गया था। इस फिल्म में सलमान खान और शिल्पा शेट्टी ने मुख्य भूमिका निभाई थी, इसके अलावा फिल्म में अभिषेक बच्चन अहम किरदार में थे। इस फिल्म को अपने जमाने की मशहूर एक्ट्रेस रेवती ने डायरेक्ट किया था। फिल्म में इस चीज को दर्शाया गया है कि एचआईवी पॉजिटिव आने के बाद शिल्पा शेट्टी को उनकी जॉब से कैसे गलत तरह से निकाल दिया जाता है। सलमान खान और शिल्पा शेट्टी दोनों ही इस फिल्म में (एचआईवी) से संक्रमित होते हैं। इस फिल्म की कहानी टॉम हैंक्स की फिल्म 'फिलाडेल्फिया' से प्रेरित थी।
माय ब्रदर निखिल (2005)
माय ब्रदर निखिल आज तक बॉलीवुड की उन बेहतरीन फिल्मों में शुमार है, जिसमें एचआईवी/एड्स के सब्जेक्ट को बड़ी ही बखूबी से दर्शाया गया था। इस फिल्म का निर्देशन ओनिर ने किया था। फिल्म की कहानी एक लड़के निखिल कपूर की जिंदगी पर आधारित है, जो स्विमिंग चैंपियन है और बेहद हसमुख है। लेकिन उसे तब झटका लगता है जब उसे ये पता चलता है कि वह एचआईवी से संक्रमित है। ये पता लगते ही जहां सब निखिल का साथ छोड़ देते हैं, तो वहीं इस मुश्किल घड़ी में भी उसकी बहन अनामिका उसके साथ खड़ी रहती हैं। इस फिल्म में संजय सूरी और जूही चावला मुख्य भूमिका में हैं।
निदान(2000)
एक्टर और निर्देशक महेश मांजरेकर अपनी फिल्म में एचआईवी के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाते हुए नजर आ चुके हैं। साल 2000 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म निदान एक टीनएज गर्ल की कहानी है, जिसमें बॉडी में ब्लड ट्रांसफर करते हुए उसके अन्दर ये डिजीज आ जाता है। अपनी बेटी की कंडीशन को देखते हुए, परिवार उसके साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताने की कोशिश करता है। फिल्म में रीमा लागू, सुनील बर्वे और शिवाजी साटम समेत कई स्टार्स ने अहम भूमिका निभाई थी।
दस कहानियां (2007)
साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म 10 कहानियां में शॉर्ट फिल्म के जरिए छह अलग-अलग निर्देशकों ने अपनी कहानियां कही थी। इन शॉर्ट फिल्मों में से एक फिल्म का निर्देशन संजय गुप्ता ने किया था। उनकी फिल्म की कहानी एड्स पर ही आधारित थी। इस फिल्म में मनोज बाजपेयी और दीया मिर्जा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में दीया मिर्जा ने सिया का किरदार निभाया है, जिन्होंने फिल्म 'जाहिर' में बार डांसर का किरदार निभाया था, जो कि एड्स से संक्रमित है।
एड्स जागो(2007)
दस कहानियां की तरह 'एड्स जागो' में शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से अलग-अलग कहानियां दर्शाता है। जिसमें फरहान अख्तर, विशाल भारद्वाज, संतोष और मीरा नायर द्वारा एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए चार अलग-अलग कहानियां कही गई हैं। एड्स जागो में 'माइग्रेशन', 'ब्लड ब्रदर्स', 'पॉजिटिव' और 'प्रारंभ' ये चार शॉर्ट फिल्में बनाई गईं, जिसमें अलग-अलग एक्टर्स ने काम किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।