विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Shammi Kapoor Birth Anniversary: जब कैबरे डांसर को दिल दे बैठे शम्मी कपूर, शादी के लिए कर दिया था प्रपोज

By Manoj VashisthEdited By: Manoj Vashisth
Published: Fri, 20 Oct 2023 05:30 PM (IST)Updated: Fri, 20 Oct 2023 07:32 PM (IST)

Shammi Kapoor Birth Anniversary 21 अक्टूबर को जन्मे शम्मी कपूर की जिंदगी काफी दिलचस्प रही है। फिल्मी फैमिली में जन्म ...और पढ़ें

21 अक्टूबर को शम्मी कपूर की बर्थ एनिवर्सरी है। फोटो- मिड-डे
21 अक्टूबर को शम्मी कपूर की बर्थ एनिवर्सरी है। फोटो- मिड-डे

HighLights

  1. 21 अक्टूबर को शम्मी कपूर की 92वीं जयंती है
  2. उन्होंने अपने करियर में 100 से अधिक फिल्में कीं
  3. शम्मी ने जीवन ज्योति से अभिनय की पारी शुरू की थी

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा में बहुत कम अभिनेता ऐसे हुए हैं, जिन्होंने अपने अभिनय की अलग स्टाइल विकसित की और दर्शकों ने उन्हें उनके उसी अंदाज के लिए प्यार भी दिया। देव आनंद, राजेश खन्ना, राज कुमार और शम्मी कपूर ऐसे कलाकार रहे, जिन्हें उनके अंदाजे-बयां के लिए जाना गया। 

शम्मी कपूर के अभिनय को उनके डांसिंग स्टाइल ने सपोर्ट किया। शम्मी एल्विस प्रेसली से काफी प्रभावित रहे, जिनका अक्स पर्दे पर उनके हाव-भाव में भी नजर आता है।

1953 में उन्होंने 'जीवन ज्योति' से अभिनय यात्रा शुरू की और पहली बड़ी सफलता तक 18 फ्लॉप फिल्मों में काम किया था। शम्मी कपूर की अपनी जिंदगी किसी रोमांटिक फिल्म की तरह रही, जिसमें मोहब्बत के साथ थोड़ा गम और खुशी भी शामिल है। 

Photo- Mid-day

शम्मी कपूर का जन्म 21 अक्टूबर, 1931 को भारतीय सिनेमा के लीजेंड्री एक्टर और थिएटर पर्सनैलिटी पृथ्वीराज कपूर के घर मुंबई में हुआ था। शम्मी, राज कपूर से सात साल छोटे और शशि कपूर से सात साल बड़े थे। उनका निधन 14 अगस्त 2011 को किडनी फेल हो जाने की वजह से हुआ था। बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर शम्मी कपूर के बारे में चंद खास बातें।

यह भी पढ़ें: फिल्मों में अपना डांस लेकर आए थे शम्मी कपूर, पढ़िए कहां से मिला उनको ये अंदाज

क्या है शम्मी कपूर का पूरा नाम?

पृथ्वीराज कपूर और रामशरनी कपूर के बेटे शम्मी कपूर का पूरा नाम 'शमशेर राज कपूर' रखा गया था। फिर जब उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा तो उनका नाम 'शमशेर राज कपूर' से 'शम्मी कपूर' कर दिया गया।

कोलकाता कनेक्शन

शम्मी कपूर भले ही मुंबई से हों, लेकिन उनके दिल का एक कोना कोलकाता से भी जुड़ा हुआ था। दरअसल, उनके बचपन का काफी वक्त, खासकर पढ़ाई कोलकाता में हुई थी। उन्होंने मोंटेसरी शिक्षा और किंडरगार्टन कोलकाता से किया था। उस वक्त पृथ्वीराज कपूर, कलकत्ता में ही थिएटर कर रहे थे। 

18 फ्लॉप के बाद पहली कामयाबी

1957 में आयी तुमसा नहीं देखा देखा शम्मी के करियर की पहली हिट फिल्म थी। इससे पहले उनकी 18 फिल्में फ्लॉप रही थीं। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्में दीं। दिल दे के देखो, जंगली, कश्मीर की कली, ब्रह्मचारी, प्रिंस, प्रोफेसर सफल रही थीं।

शम्मी कपूर की बायोग्राफी शम्मी कपूर- द गेम चेंजर के लेखक वेटरन जर्नलिस्ट रऊफ अहमद के मुताबिक,

तुमसा नहीं देखा में पहले देव आनंद और अमीता लीड रोल में थे, मगर देव आनंद ने इसलिए फिल्म छोड़ दी, क्योंकि वो न्यूकमर अमीता के साथ काम नहीं करना चाहते थे। निर्देशक नासिर हुसैन शम्मी को नहीं लेना चाहते थे, मगर याहू एक्टर उन्हें डिनर पर ले गये, जहां बात बन गयी। 

डांसिंग स्टाइल का हर कोई दीवाना

शम्मी कपूर ने अपने डांस से एक अलग पहचान बनायी थी। उन्होंने डांस कहीं से नहीं सीखा था। अपने मैनेरिज्म को उन्होंने संगीत के साथ स्टेप्स के रूप में इस्तेमाल किया। शम्मी एल्विस प्रेस्ली के फैन थे और वो अपने डांस की इंस्पिरेशन उन्हीं से लेते थे, इसलिए उन्हें इंडिया का एल्विस प्रेस्ली भी कहा जाता था।

मशहूर कैबरे डांसर को किया था प्रपोज

यह किस्सा शम्मी कपूर ने शम्मी कपूर अनप्लग्ड वीडियो में शेयर किया है।

शम्मी कपूर फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गजों के साथ श्रीलंका मैच देखने गये थे, जिनमें राज कपूर भी शामिल थे। वहां होटल में उन्होंने कैबरे डांस परफॉर्मेंस देखने का मन बनाया। शम्मी बताते हैं कि इजिप्शियन डांसर नादिया गमल इतनी खूबसूरत थीं, वो उन्हें दिल दे बैठे। हर शाम वो उनका डांस देखने जाते थे। इसके लिए वो एक अतिरिक्त दिन वहां रुके।

नादिया गमल की खूबसूरती पर अटके शम्मी ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज कर दिया। उस वक्त नादिया 17 साल की थीं और शम्मी 22 के। नादिया ने शम्मी को पांच साल इंतजार करने को कहा और कहा कि पांच साल बाद वो उनके रिश्ते के बारे में फैसला लेंगी। इस बीच कायरो लौटते समय नादिया मुंबई रुकीं। शम्मी ने उन्हें और उनकी मां को ताज होटल में ठहराया और अपने परिवार से भी मिल वाया। वीडियो में शम्मी कहते हैं कि उनके दादा दादी भी साथ थे। शम्मी ने नादिया का परिचय होने वाली बहू के तौर पर करवाया। 

लिप्स्टिक से भरी मांग

रऊफ अहमद ने मिड डे के साथ बातचीत में शम्मी कपूर की पहली शादी का दिलचस्प किस्सा शेयर किया था। उन्होंने बताया-

शम्मी गीता बाली से गुपचुप शादी कर रहे थे, क्योंकि उन्हें डर था कि माता-पिता इसके लिए राजी नहीं होंगे। गीला उम्र में शम्मी से बड़ी थीं और अभिनेत्री थीं। इसलिए उन्होंने जॉनी वॉकर की मदद लेने का फैसला किया, क्योंकि जॉनी ने खुद अपनी पत्नी नूरजहां से गुपचुप शादी की थी। शम्मी और गीता शादी के लिए इतने एक्साइटेड थे कि मंदिर खुलने से कुछ घंटे पहले ही वहां पहुंच गये थे। जल्दबाजी में सिंदूर साथ ले जाना भूल गये। तब शम्मी ने गीता की लिप्स्टिक से ही उनकी मांग भरी।

Photo- Mid-Day

मुमताज पे आया था दिल 

लहरें के साथ एक बातचीत में शम्मी ने बताया था कि उस वक्त उनकी पत्नी का देहांत हो चुका था। मुमताज यंग थीं। उन्हें उनसे लगाव हो गया था। हालांकि, वो ज्यादा लम्बा नहीं रहा। वो एक सपने की तरह बीत गया। 

यह भी पढ़ें: Mumtaz ने शम्मी कपूर के शादी के प्रपोजल को किया था रिजेक्ट, अब कहा- तब मैं 17 साल की...

Photo- screenshot/YouTube

कौन हैं शम्मी कपूर की दूसरी पत्नी?

1965 में गीता के निधन के बाद शम्मी कपूर ने 1969 में दूसरी शादी नीला देवी गोहिल से की थी। नीला को शम्मी ने शादी से पहले ही अपने निजी जीवन और अफेयर्स के बारे में सब कुछ बता दिया था। नीला एक राजघराने से थीं।

शम्मी कपूर की आखिरी फिल्म कौन सी है?

शम्मी कपूर की लास्ट फिल्म इम्तियाज अली की 'रॉकस्टार' थी। इसमें वो अपने पोते रणबीर कपूर के साथ दिखे थे। वहीं, शम्मी कपूर के बेटे ने एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया था कि इस फिल्म के शूटिंग के दौरान वो काफी शारीरिक दर्द में थे। इसके बावजूद भी उन्होंने बेहतरीन एक्टिंग परफॉरमेंस दी और उनका दर्द कहीं भी उनके काम के बीच नहीं आ सका।

इंटरनेट यूजर क्लब की स्थापना

लहरें के वीडियो में शम्मी कपूर बताते हैं-

1988 में कम्प्यूटर का शौक हुआ और डेस्कटॉप खरीदा। घरवालों और दोस्तों को हैरानी हुई कि यह आदमी डेस्कटॉप पब्लिशिंग में घुस गया। न्यूजपेपर निकालना है क्या। टेक सैवी थे और नई चीजों के शौकीन रहे।

इसी इंटरव्यू में शम्मी ने बताया कि 1952 में उन्होंने पहली कन्वर्टिवल कार खरीदी। उस वक्त वो 21 साल के थे। उसके पार्ट्स खोलकर खुद सेट करते थे। शम्मी कहते हैं कि हिंदुस्तान में वीएसएनएल ने इंटरनेट 1995 में दिया। एप्पल मेंबर होने की वजह से मैं 90 में इंटरनेट यूज कर रहा था। इंटरनेट यूजर क्लब बनाया। मंथली मीटिंग करते थे।