Move to Jagran APP

हत्या के मामले में बेंगलुरु पुलिस की हिरासत में कन्नड़ एक्टर दर्शन, विवाद की वजह बनी सोशल मीडिया पोस्ट?

कन्नड़ फिल्मों के जाने माने अभिनेता दर्शन थूगुदीप (Darshan Thoogudeepa) को एक मर्डर मामले में हिरासत में लिया गया है। उन पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अभी पूछताछ कर रही है। दर्शन के साथ 12 अन्य को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। दर्शन कन्नड़ सिनेमा के चर्चित अभिनेता हैं और कई सफल फिल्मों में काम कर चुके हैं।

By Surabhi Shukla Edited By: Surabhi Shukla Tue, 11 Jun 2024 04:14 PM (IST)
हत्या के मामले में बेंगलुरु पुलिस की हिरासत में कन्नड़ एक्टर दर्शन, विवाद की वजह बनी सोशल मीडिया पोस्ट?
Kannada actor darshan accused in murder case

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। बेंगलुरु पुलिस ने एक मर्डर केस में पॉपुलर कन्नड़ एक्टर दर्शन थूगुदीप को हिरासत में लिया है। इस मामले में दर्शन समेत 13 लोगों को कस्टडी में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शहर के चितादुर्गा इलाके के रेनुकास्वामी नामक युवक की हत्या में दर्शन का नाम आने की वजह से उन्हें हिरासत में लिया गया है। रेणुकास्वामी का शव रविवार को कामाक्षीपाल्या के पास एक नाले में मिला था। यह घटना तब सामने आई थी, जब आते-जाते लोगों ने गली के कुत्तों को नाले से एक शव को घसीटते हुए देखा। इसके बाद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पता चला हत्या का सही कारण

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने मंगलवार को जानकारी दी कि एक हत्या के सिलसिले में एक कन्नड़ एक्टर को कस्टडी में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी, जिस पर चोटों के निशान थे।

इस आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मृतक की पहचान रेणुका स्वामी के रूप में हुई है। कन्नड़ एक्टर और उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

पीटीआई के मुताबिक, फार्मेसी कम्पनी में काम करने वाले रेणुका स्वामी ने सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए कथित तौर पर एक्ट्रेस पवित्रा गौड़ा के किलाफ कुछ अपमानजनक कमेंट किये थे, जो दर्शन की दोस्त है। पुलिस ने एक्ट्रेस को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। 

यह भी पढ़ें: Bengaluru: फिर विवादों में घिरे कन्नड़ अभिनेता दर्शन, बेंगलुरु पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

47 वर्षीय अभिनेता को पुलिस ने मैसूर के एक होटल से उठाया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दर्शन के साथियों ने कथित तौर पर रेणुका स्वामी की हत्या करके शव को नाले में बहा दिया था। 

गिरफ्तारी के सवाल पर पुलिस कमिश्रनर ने कहा कि उन्हें पूछताछ के लिए फिलहाल कस्टडी में लिया गया है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार ही होगी। 

कहा जा रहा है कि आरोपी ने कथित तौर पर दर्शन के कहने पर हत्या की थी। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित पर आरोप है कि उन्होंने एक फिल्म एक्ट्रेस को उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ अश्लील मैसेज भेजे थे। एक्ट्रेस को दर्शन का करीबी दोस्त बताया जा रहा है।

कन्नड़ फिल्मों के जाने माने अभिनेता हैं दर्शन

बता दें कि एक्टर दर्शन कन्नड़ सिनेमा के ए-लिस्टर्स एक्टर्स में आते हैं। दर्शन एक जाने माने एक्टर,प्रोड्यूसर और डिस्ट्रीब्यूटर हैं। उन्होंने मजेस्टिक, ध्रुवा,लंकेश पत्रिके,धर्मा, दर्शन, जोथे जोथेयल,सारथी, मिस्टर ऐयर्यवार्ता, क्रांति और काटेरा जैसी कुछ हिट फिल्में दीं हैं। दर्शन को फिल्मों में बड़ा ब्रेक 2000 में पी.एन. सत्या द्वारा निर्देशित फिल्म मैजेस्टिक से मिला था। ये फिल्म साल 2001 में रिलीज हुई थी।

यह भी पढ़ें: कन्नड़ अभिनेता Chetan Chanddrra पर हुआ हमला, खून से लथपथ एक्टर ने वीडियो शेयर कर मांगा न्याय