Loksabha Election 2019 :मुरादाबाद में प्रमोद तिवारी ने कहा- चुनाव लडऩे से पहले हार चुकी भाजपा
पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा चुनाव लडऩे से पहले ही हार चुकी है। भाजपाई 2104 में वादे की बात नहीं करते। केवल झूठ बोलते हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। कांग्रेस से राज्यसभा रहे सदस्य प्रमोद तिवारी ने आज पीतलनगरी में बड़ा ऐलान किया है। आज इमरान प्रतापगढ़ी के नामांकन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर के साथ वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी भी पहुंचे थे।
मुरादाबाद से कांग्रेस के उम्मीदवार इमरान प्रतापगढ़ी के नामांकन में आए प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि मुरादाबाद वालों आपको कितना बड़ा तोहफा मिला है। प्रियंका गांधी की ससुराल में शायर आया है। प्रियंका को नेग के रूप में इमरान की जीत दे दो। एक प्रत्याशी कह रहे हैं कि राज बब्बर मुझ से डरकर भाग गया। हां में डर गया। आप बंदूक वाले हैं नफरत फैलाने वाले हैं, हम तो प्यार करने वाले हैं।
हम सभी के लिए काम करने वाले हैं। इसी कारण राहुल गांधी ने सभी को छह हजार रुपये देने का वादा किया है। यह रुपये घर के मुखिया के खाते में पहुचेंगे। तो सोचो घर में कितनी खुशहाली आएगी। हम यहां मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए जुटे हैं।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस का वादा, सत्ता में आने पर एक साल में 22 लाख सरकारी नौकरियां देगी पार्टी
चुनाव लडऩे से पहले ही हार चुकी है भाजपा
पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा चुनाव लडऩे से पहले ही हार चुकी है। भाजपाई 2104 में वादे की बात नहीं करते। केवल झूठ बोलते हैं। नरेंद्र मोदी आगे बढ़ते गए और महंगाई भी बढ़ती चली गई। सिलेंडर हजार रुपये का मिल रहा है।
सिलेंडर की महंगाई तो उनको समझ में आएगी जिनका घर हो। जो घर उजाडऩे वाले हैं वो क्या जाने घर कैसे चलता है। आज भाजपा से रोजगार की बात करो तो पुलवामा की बात करते हैं। पुलवामा के लिए भाजपा जिम्मेदार है। चौकीदार देश की रक्षा करने में फेल रहा। पुलवामा हमला आतंकवादी मसूद अजहर ने करवाया तो उसे भाजपा वालों ने ही दामाद की तरह छोड़ा था। जब नेतृत्व कमजोर होता है तो पुलवामा होता है।