यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok sabha Election 2024: कांग्रेस पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने पर क्या बोले झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पढ़िए इंटरव्यू
Lok sabha Election 2024 Lok sabha Election 2024 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर इसी बीच लगातार कई जिलों का दौरा ...और पढ़ें

Lok sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश में राजनीतिक गहमागहमी बढ़ी हुई है और पक्ष-विपक्ष की सेनाएं अपने-अपने मोर्चे पर तैनात हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर इसी बीच लगातार कई जिलों का दौरा कर रहे हैं एवं कांग्रेस के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। कांग्रेस की एकमात्र सांसद के पार्टी छोड़ कर भाजपा में चले जाने के बाद रणनीति में बदलाव और सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर लगातार मशक्कत कर रहे हैं। ठाकुर ने झामुमो और राजद के नेताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम किया है और आने वाले दिनों में स्थितियों के बेहतर होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से बातचीत की हमारे विशेष संवाददाता आशीष झा ने। पेश है साक्षात्कार के प्रमुख अंश:
प्रश्न: हर बार चुनाव के समय कई प्रमुख चेहरे छिटककर दूसरे दलों में चले जाते हैं। कुछ प्रमुख नेता कांग्रेस में भी आए। ऐसे ही एक नेता पूर्व सांसद रामटहल चौधरी को आपने भराेसा दिलाकर टिकट नहीं दिया?
उत्तर: ऐसा कोई भी आरोप मैं स्वीकार नहीं करूंगा। रामटहल चौधरी ने कांग्रेस की सदस्यता लेते हुए स्वयं ही मीडिया के सामने कहा कि राहुल गांधी से प्रभावित होकर वे पार्टी में आए हैं। टिकट की कहीं बात ही नहीं थी। भाजपा में रहते हुए पिछले पांच वर्षों में उन्हें किसी अदने से भाजपाई ने खोजा तक नहीं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद इतना तो हुआ कि उनके आवास पर प्रदेश भाजपा प्रभारी पहुंचे। चौधरी को कांग्रेस का एहसान मानना चाहिए।
प्रश्न: प्रधानमंत्री मोदी जब भी आते हैं कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के तमाम आरोप लगाते हैं। कई बार ऐसा लगता है कि आप और पूरी पार्टी इन आरोपों का खंडन नहीं कर पाए ऐसा क्यों?
उत्तर: हमें नाटक, नौटंकी और गाल बजाने में विश्वास नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसी जानकारियां लोगों को दी हैं उसके अनुसार उन्हें स्वयं ईडी के पास पहुंचकर गवाही देनी चाहिए। बताना चाहिए कि अडाणी और अंबानी के किन ठिकानों से काला धन टेंपो के ऊपर बोरियों में भरकर कांग्रेस के ठिकाने पर पहुंचाया गया। उनकी बातों से लगता है कि उनको सब पता है लेकिन हकीकत इसके विपरीत है। ईडी को भी प्रधानमंत्री के बयान पर संज्ञान लेना चाहिए। उनसे गवाही देने के लिए आग्रह करना चाहिए। कांग्रेस हमेशा से भ्रष्टाचार के खिलाफ रही है।
प्रश्न: कांग्रेस कोटे से राज्य सरकार में मंत्री आलमगीर आलम भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिए गए हैं। सारे के सारे पैसे उसे नौकर के हैं अगर नहीं तो किसके हैं?
उत्तर: देखिए जिसके घर से पैसों की बरामदगी हुई है वह सरकारी मुलाजिम है। पैसे किसके थे वह तो वही बता पाएगा। पहले भी भाजपा के मंत्रियों के साथ वह काम कर चुका है। इधर, आलमगीर आलम से पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार किये जाने की जानकारी मिली है। केंद्रीय एजेंसियों के स्तर से की गई कार्रवाई पर कांग्रेस को शुरू से ही शंका रही है। हाल के दिनों में जितनी भी कार्रवाई हुई है कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ही हुई है। इससे यही कह सकता हूं कि ईडी एकतरफा कार्रवाई कर रही है। निश्चित रूप से कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की फिर से जांच कराई जाएगी।
प्रश्न: गठबंधन के उम्मीदवारों को लेकर अंतिम समय तक खटपट चलती रही। उम्मीदवारों को प्रचार के लिए अधिक समय भी नहीं मिला। आप क्या कहना चाहेंगे?
उत्तर: परिणाम आने दीजिए। जितने भी उम्मीदवार तय किए गए हैं वह महीनों पहले से तैयारी कर रहे थे। इन उम्मीदवारों की जीत को लेकर आइएनडीआइए गठबंधन पूरी तरह से आश्वस्त है। बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद महागठबंधन के उम्मीदवारों से की जा रही है।
प्रश्न: अलग राज्य बनने के बाद अध्यक्ष के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल आपका होने जा रहा है। इस कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां क्या मानी जाए और आप खुद ही बताएं कि आप कहां विफल रहे।
उत्तर: पूरे कार्यकाल में हमने ईमानदारी से पार्टी को आगे बढ़ाने का काम किया है। विभिन्न दलों से ओबीसी, एसटी और एससी बिरादरी के नेताओं को पार्टी में शामिल किया गया है। इनमें से कुछ चुनावी मैदान में भी उतरे हुए हैं। उनका बेहतर प्रदर्शन ही मेरी सफलता मानी जाएगी। जहां तक विफलता की बात है तो यह आकलन करने का काम दूसरों के लिए छोड़ दिया है।
प्रश्न: पार्टी में आदिवासी चेहरे तो कई हैं लेकिन कई वर्गों का प्रतिनिधित्व देखने को नहीं मिलता है। इसके लिए आप क्या कर रहे हैं?
उत्तर: हर वर्ग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी में प्रतिष्ठा मिल रही है। हमारी कोशिश है कि विभिन्न वर्गों को पार्टी में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए। विभिन्न इकाइयों में भी सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व देखने को मिल जाएगा। पिछड़ा वर्ग और आदिवासी चेहरों को मजबूती से आगे बढ़ाया गया है।
