पीएम मोदी का दावा- लोकसभा चुनाव 2019 में मेरे सामने नहीं है कोई दावेदार, बहुमत से बनेगी सरकार
क्या लोकसभा चुनाव 2019 में नरेंद्र मोदी को किसी नेता से बड़ी टक्कर मिल सकती है? पीएम मोदी ने कहा कि देखिए 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता के सामने यह विकल्प हो सकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष पर हमला जारी है। इस दौरान एक निजी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर फिर हमला किया है। इस इंटरव्यू में पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव 2019, राफेल लड़ाकू विमान सौदा, चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन और 'मैं भी चौकीदार' कैंपेन से जुड़े हर सवाल का बड़ी बेबाकी से जवाब दिया। पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष को अब 2024 के लिए तैयारी करनी चाहिए, क्योंकि 2019 लोकसभा चुनाव के लिए देश की जनता ने मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अगर विपक्ष के सभी बयानों को इकट्ठा करके देखे तो खुद निर्णय ले लेगी कि इन लोगों के हाथों में कभी देश की सत्ता नहीं दी जानी चाहिए।
राहुल गांधी ने घोषणा की है कि अगर वे सत्ता में आते हैं, तो देश में 20 फीसद अति गरीब लोगों को 72000 रुपये सालाना दिए जाएंगे। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि आप ट्रैक रिकॉर्ड देखिए, इनकी चार पीढि़यां यही दावा करती आ रही है। नेहरू जी गरीबी की बात करते थे, इंदिरा गांधी भी गरीबी बात करती थीं, राजीव गांधी भी गरीबी की बात करते थे, सोनिया गांधी भी गरीबी की बात करती थीं। अब राहुल गांधी भी गरीबी की बात कर रहे हैं। देश में लगभग 55 साल तक इन्होंने राज किया, लेकिन रिकॉर्ड देखा जाएगा, तो इस दौरान गरीबी लगातार बढ़ी है। इसलिए समझा जा सकता है कि गरीबी को लेकर ये कितने गंभीर हैं।
ये भी पढ़ें- अतीत के आईने से: 15वां लोकसभा चुनाव और मनमोहन सिंह की दूसरी सियासी पारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंशवाद को देश के लिए बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा कि वंशवाद लोकतंत्र के लिए खतरा है। इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन वंशवाद की असली परिभाषा को समझने की आवश्यकता है। देखिए, अगर किसी नेता का पुत्र अपने दम पर चुनाव लड़कर जीतता है, तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन जहां एक पार्टी एक कंपनी की तरह चलती है, वहां पेरशानी होती है। जहां ये तय होता है कि पिता के बाद पार्टी बेटे के हाथों में ही जाएगी, वहां दिक्कत है।
पुलवामा हमले पर विपक्ष के आरोपों पर पीएम मोदी ने कहा कि पुलवामा हमले के समय मैं उत्तराखंड में था। उस समय वहां बहुत तेज बारिश हो रही थी। वहां मेरी एक रैली थी, जिसे मैंने फ़ोन से संबोधित किया। लेकिन इतनी बड़ी रैली में इतनी बड़ी ख़बरों कि चर्चा नहीं की जाती। ऐसे स्थिति में बहुत संतुलित व्यवहार करना होता है, उसे अगर कोई मुद्दा बनता है वो बड़ी राजनीतिक नासमझी है। पुलवामा के बाद मेरा मानना था कि ऐसे समय देश की आशा के अनुरूप हमारा व्यवहार होना चाहिए। अब बहुत हो गया और इसलिए मैंने कहा था कि सेना को मेरी तरफ से इसपर कार्रवाई करने के लिए खुली छूट है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी जनता के लिए जो चाहता है वो करे। हमारा तो बस ये कहना है कि आतंकवाद छोड़ दो हम कुछ नहीं कहेंगे। हमारा पाकिस्तान की जनता से कोई झगड़ा नहीं है। हमारी लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है।
विपक्ष के महागठबंधन बनाने की कोशिशों पर पीएम मोदी ने कहा, 'इस समय अगर सही मायने में देखा जाए, तो विपक्ष पिछली बार के मुकाबले कम एकजुट है। पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और केरल जैसे राज्य इसके उदाहरण हैं। ज्यादा राज्यों में विपक्ष एकजुट नजर नहीं आ रहा है। फिर देश की जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा को पूर्ण बहुमत देना है। ऐसे में विपक्ष के पास चुनाव बाद एकजुट होने का मौका भी नहीं होगा। ऐसे में महागठबंधन का गणित काम नहीं करेगा।' उन्होंने कहा कि सरकार चलाने के लिए पूर्ण बहुमत काफी होता है। लेकिन देश चलाने के लिए सर्वमत जरूरी होता है। भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है और इसके बाद हम सर्वमत से देश की सेवा करेंगे। पिछले 5 साल हम सभी दलों को साथ लेकर चले हैं। आने वाले पांच सालों में भी हमारी 'सबका साथ सबका विकास' की नीति रहेगी। हम हर दल को अपने साथ लेकर चलेंगे।
ये भी पढ़ें- अतीत के आईने से: जब राजनाथ सिंह को हराने के लिए मुलायम के साथ से कठोर हुए कल्याण सिंह
विपक्ष ने पीएम मोदी पर आरोप लगाया कि उनके पास 250 जोड़ी कपड़े हैं। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझपर 250 जोड़ी कपड़े रखने का आरोप लगा, देखिए, 250 जोड़ी कपड़े 250 करोड़ चुराने से अच्छा है। ये जनता को समझ में आ गया है।
क्या लोकसभा चुनाव 2019 में नरेंद्र मोदी को किसी नेता से बड़ी टक्कर मिल सकती है? इस पर चुटकी लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देखिए, 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता के सामने यह विकल्प हो सकता है। लेकिन लोकसभा चुनाव 2019 में देश की जनता के सामने कोई विकल्प नहीं है। देश की जनता एकतरफा मन बना चुकी है। देश की जनता किसी और तुलनात्मक चेहरे की तलाश में नहीं है। मेरा मानना है कि चुनाव के केंद्र में मतदाता होता है, क्योंकि मतदाताओं की आशाओं को पूरा करने के लिए ही राजनीतिक दलों को चुनाव में जाना होता है।
राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आरोपों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे देश में रक्षा सौदे पुरानी सरकार का एटीएम रहा है। वे सोच ही नहीं सकते हैं कि पारदर्शिता और बिना भ्रष्टाचार के रक्षा सौदे पूरे हो भी सकते हैं। इसलिए विपक्ष को परेशानी हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उपग्रह भेदी मिसाइल (A-SAT) के सफल इस्तेमाल की जानकारी देने के लिये बुधवार को राष्ट्र के नाम संबोधन दिया, जिस पर विपक्ष ने हमला बोलते हुए इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया। इस पर सफाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'अगर कोई छोटा दल या नेता ऐसी बात करता है, तो समझ में आता है। लेकिन कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टी ऐसी गलती करती है, तो बड़ी हैरानी होती है। कांग्रेस के बयान से ऐसा लगता है कि प्राथमिक जानकारी का अभाव है। कांग्रेस काफी समय तक सरकार में रही है और वहां काफी वरिष्ठ लोग हैं। A-SAT पर आरोप लगाने से पहले उन लोगो से सलाह ली जानी चाहिए थी की इसकी क्या प्रक्रिया होती है।
भारतीय जनता पार्टी के हर नेता ने इन दिनों अपने नाम के आगे चौकीदार शब्द लगा लिया है। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि देखिए, जहां तक चौकीदार का सवाल है, वो मैंने अपने लिए बोला था। मैंने 2013-14 के अपने चुनाव प्रचार के दौरान भी इसका इस्तेमाल किया था। देखिए, चौकीदार सीटी या डंडा नहीं, बल्कि एक स्पिरिट है। लेकिन विपक्ष ने इसका मजाक बना दिया। इसके बाद लोगों ने खुद अपनी मर्जी से इसका इस्तेमाल किया है। किसी को इसके लिए बाध्य नहीं किया गया है।
क्या एनडीए को 2019 लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलेगा? इस सवाल पर पीएम मोदी ने विश्वास के साथ कहा, 'मैं मानता हूं कि इस चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत और पहले से अधिक सीटों के साथ जीत मिलेगी। साथ ही एनडीए के साथियों को भी पहले से ज्यादा सीटें मिलेंगी। हम 2019 में भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं।' उन्होंने कहा कि मेरा अनुभव कहता है कि पहले की तुलना में अधिक प्रगति होगी क्योंकि देश की जनता ये जानती है कि मोदी ने क्या किया?