Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    सीएम रुपाणी के विरोध के बाद कांग्रेस ने डिलीट किया भद्दा ट्वीट

    By Manish NegiEdited By:
    Updated: Tue, 21 Nov 2017 10:13 PM (IST)

    इंडियन यूथ कांग्रेस के ऑनलाइन मैगजीन 'युवा देश' के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से पीएम मोदी का मजाक उड़ाया गया है।

    सीएम रुपाणी के विरोध के बाद कांग्रेस ने डिलीट किया भद्दा ट्वीट

    नई दिल्ली, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर किए गए विवादित ट्वीट के बाद कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है। कांग्रेस की यूथ इकाई के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से किए गए भद्दे मजाक के बाद इस पर काफी विरोध हो रहा है। बवाल के चलते यूथ कांग्रेस ने ट्वीट को डिलीट कर दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरअसल, मंगलवार शाम इंडियन यूथ कांग्रेस के ऑनलाइन मैगजीन 'युवा देश' के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से एक मीम के जरिए पीएम मोदी का मजाक उड़ाया गया था। मोदी का मजाक उड़ाने के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया उससे साफ जाहिर होता है कि राजनीतिक दलों में एक दूसरे को नीचा दिखाने के लिए किस हद तक हो़ड़ मची है।

    वहीं यूथ कांग्रेस के इस ट्वीट के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने विरोधी दल को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने ट्वीट कर इस पर नाराजगी जाहिर की है। रुपाणी ने कहा कि यूथ कांग्रेस का गरीब विरोधी ट्वीट देश के गरीबों के प्रति उनकी सोच को दिखाता है। क्या राहुल गांधी इसका समर्थन करेंगे?

    हालांकि, सीएम रुपाणी के विरोध के बाद इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया। वहीं भाजपा नेताओं ने एक सुर में इसका विरोध किया है। भाजपा नेता सुधाशुं त्रिवेदी ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से कांग्रेस की सामंती मानसिकता को दर्शाता है। 

    संबित पात्रा ने कहा कि देश ने 'मौत का सौदागर' का असर देखा था और मणिशंकर अय्यर ने भी साल 2014 में मोदी को अपशब्द कहे थे। वैसा ही असर अब देखने को मिलेगा। कांग्रेस ने सिर्फ पीएम मोदी का अपमान नहीं किया बल्कि 6 करो़ड़ गुजराती और सवा सौ करोड़ जनता का भी अपमान किया है। 

    कांग्रेस ने मांगी माफी

    ट्वीट पर बढ़ते विवाद के बाद कांग्रेस ने इस पर माफी मांगी है। यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बरार ने कहा कि ट्विटर हैंडल को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, मैं फिर भी इस पर माफी मांगता हूं और इस ट्वीट की कड़ी निंदा करता हूं।

    वहीं युवा कांग्रेस के प्रभारी सूरज हेगड़े ने इसकी निंदा की है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि हम जानने की कोशिश कर रहे हैं कि ये ट्वीट किसने किया। क्योंकि इस ट्विटर अकाउंट को कई कार्यकर्ता चलाते हैं।

    यह भी पढ़ें: रंग-बिरंगा हो गया है गुजरात चुनाव, सभी के ढंग हैं निराले