Delhi Assembly Election 2020: राजेंद्र नगर के AAP विधायक का रिपोर्ट कार्ड, जनता की ये है राय
Delhi Assembly Election 2020 स्थानीय निवासी योगराज का कहना है कि यहां पर कई सड़कों की स्थिति जर्जर है। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Election 2020: दिल्ली में विधानसभा चुनाव का ऐलान कभी भी हो सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि जिस विधायक को जनता ने चुनकर भेजा क्या वह लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरे। इस सभी सवालों का उत्तर जनाने के लिए हम आपको विधायकों का रिपोर्ट कार्ड बता रहे हैं। आज हम राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र की चर्चा करेंगे।
विधायक का प्रोफाइल
नाम- विजेंद्र गर्ग
राजनीतिक दलः आम आदमी पार्टी
शिक्षा-स्नातक- उम्र: 55 वर्ष
विधानसभा क्षेत्र: राजेंद्र नगर
विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग स्टेशन की संख्या: 177
कुल मतदाता:174133
पुरुष मतदाता: 98581
महिला मतदाता:75552
अन्य: 0
विजेंद्र गर्ग का जन्म राजेंद्र नगर इलाके में ही हुआ है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम में स्नातक किया है। विजेंद्र गर्ग के पिताजी जी भी राजनीति में सक्रिय थे। विजेंद्र गर्ग को राजनीति में आने की प्रेरणा अपने पिताजी से ही मिली। आप पार्टी में आने से पहले उन्होंने कांग्रेस में रहकर 30 साल तक समाज सेवा की। विधायक ने निम्न उपलब्धियां हासिल करने का दावा किया है।
उपलब्धियां
- दो मॉडल स्कूल का निर्माण करवाया।
- नौ स्कूलों में 400 कक्षाएं बनाने का काम चल रहा है, जिसमें कुछ काम पूरा हो चुका है।
- स्कूलों के अंदर मल्टीपर्पज हॉल बनवाए।
- चार मोहल्ला क्लीनिक बनवाए और दो मोहल्ला क्लीनिकों का निर्माण चल रहा है।
- 45 पार्को में बच्चों के लिए अत्याधुनिक झूले लगवाए।
- 25 पार्कों में अत्याधुनिक जिम लगवाए गए।
- 10 किलोमीटर की पानी की पाइप लाइन डाली गई।
- 10 किलोमीटर की सीवर की लाइन डाली गई।
- तीन कॉलोनियों में पीने के पानी की सुविधा पहुंचाई।
- ट्रंक सीवर लाइन बिछाई गई। इससे छह कॉलोनियों को लाभ मिला।
- पांडव नगर में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगवाया।
- क्षेत्र में दो हजार सीसीटीवी कैमरे लगवाने का काम चल रहा है।
- पांच चौपालें बनाई गईं।
- मंदिर व गुरुद्वारों में स्वच्छ पानी की सुविधा करवाई।
- क्षेत्र में स्वागत द्वार बनवाए गए।
- करीब एक हजार बेंच जनता को समर्पित किए।
- 150 हाइमास्ट लाइट व 400 स्ट्रीट लाइट लगवाई गई।
- कई पुराने ट्रांसफार्मर को बदलवाया गया।
- 24 घंटे बिजली की सुविधा मुहैया करवाई।
दावों का पोस्टमार्टम
- राजेंद्र नगर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता सरदार आरपी सिंह विधायक के दावों को झूठ करार दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एक भी मॉडल स्कूल नहीं बना है। सिर्फ पुराने स्कूलों की मरम्मत की गई है। यदि नया स्कूल बनता तो वह दिखता भी।
- 400 कक्षाएं बनाने की बात का दावा गलत है। ऐसा कुछ नहीं हुआ है। एक भी नई कक्षा का निर्माण नहीं हुआ है।
- क्षेत्र में पानी की समस्या बिल्कुल खत्म नहीं हुई है। कई इलाकों में पानी नहीं आता है।
- सड़कों की स्थिति खराब है। लोग परेशानी का सामना करते हैं। यही कारण है कि कई लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। पांच साल में पांडव नगर में एक गली का निर्माण हुआ है। यह भी तब जब मैं 47 लाख रुपये का बजट छोड़ा था।
- कई इलाकों में पीने का पानी गंदा आता है। इस वजह से लोगों को परेशानी होती है। कई लोग गंदे पानी की वजह से बीमार भी हो चुके हैं।
- आज भी कई जगह पर स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। इस वजह से कई गलियों में अंधेरा देखने को मिल जाएगा।
- सिर्फ एक मोहल्ला क्लीनिक टोडापुर में बना है, लेकिन वह भी जर्जर हालत में है। नए मोहल्ला क्लीनिक की बात का दावा गलत है। यदि नए मोहल्ला क्लीनिक बनते तो वह हमें दिखते भी।
जनता की राय
स्थानीय निवासी योगराज का कहना है कि यहां पर कई सड़कों की स्थिति जर्जर है। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। किसी सड़क का तो पिछले विधानसभा चुनाव से ही निर्माण नहीं हुआ है। इस वजह से सड़कों पर लोग ठोकर खाकर गिरते रहते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों व बुजुर्गो को होती है। राजेंद्र नगर के कई प्रमुख मार्गो की बात करें तो इन्हीं का बुरा हाल है। पैचिंग की जगह सड़कों को नए सिरे से निर्माण करने की जरूरत है।
वहीं लाल कुमार ने बताया कि इस विधानसभा में क्षेत्र में कई जगहों पर अतिक्रमण देखने को मिल जाएगा। इसके कारण मुख्य मार्ग से कॉलोनियों में ही प्रवेश करना मुश्किल हो जाता है। इस संबंध में कई बार शिकायत भी की, लेकिन अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है।
आदित्य सचदेवा ने कहा कि यहां पर आपको तारों का भी जंजाल देखने को मिल जाएगा। इसके कारण लोगों को परेशानी होती है। इन तारों के जंजाल में शॉट सर्किट होने का भी डर बना रहता है। ऐसे में कई बार बड़े हादसे होने से भी बचे हैं। यदि इन तारों को भूमिगत कर दिया जाए तो काफी हद तक समस्या का समाधान हो सकता है, वहीं दूसरी ओर दिन पर दिन हाई स्पीड इंटरनेट की चाहत में कनेक्शन लेने वाले लोगों के कारण भी यहां पर तारों का जंजाल फैल रहा है।
मोहन भाटिया ने बताया कि यहां पर विभिन्न गलियों में वर्षो से स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी है। इस वजह से कई गलियों में अंधेरा पसरा रहता है। अंधेरे के कारण आपराधिक घटनाओं को भी बढ़ावा मिला है। अंधेरा होने के कारण लोगों का शाम के बाद घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि लोग घर से निकलने पर अपने मोबाइल की रोशनी से मदद से कुछ गलियों में चलते हैं।
जनता ने कहा ऐसे हों हमारे विधायक
- क्षेत्र में उतरकर काम करने वाले विधायक होने चाहिए, जिससे विकास की रफ्तार तेज हो सके।
- यहां की सभी गलियों का फिर से निर्माण होना चाहिए, जिससे जर्जर सड़क की समस्या खत्म हो सके।
- विधायक तक लोगों की पहुंच आसान होनी चाहिए।
- विकास जातिगत नहीं, बल्कि समस्या के आधार पर होना चाहिए।
ये भी पढ़ेंः Delhi Assembly Election 2020: राजौरी गार्डन के विधायक का रिपोर्ट कार्ड, जानें क्या है जनता की राय
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।