Bihar Assembly Election 2025: तेजस्वी के यादव वोट बैंक में लगेगी सेंध, BJP का 'प्लान' और 'नेता' फाइनल!
बिहार में भाजपा ने आगामी चुनावों के लिए नित्यानंद राय को चुनाव अभियान समिति का संयोजक बनाने का फैसला किया है। इसका लक्ष्य तेजस्वी यादव के यादव वोट बैंक को चुनौती देना है। भाजपा राधा मोहन शर्मा को चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनाने पर भी विचार कर रही है।

रमण शुक्ला, पटना। बिहार की राजनीति में नए समीकरण बन रहे हैं। महागठबंधन के अघोषित मुख्यमंत्री चेहरा तेजस्वी यादव के मजबूत यादव वोट बैंक को चुनौती देने के लिए भाजपा केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को अपना प्रमुख यादव चेहरा के रूप में आगे करने की रणनीति बना रही है।
दरअसल, भाजपा की ओर से विधानसभा चुनाव अभियान समिति की बागडोर नित्यानंद राय को सौंपने की तैयारी है।
राय न केलव संपूर्ण यादव समाज में गहरी पकड़ रखते हैं, बल्कि संगठनात्मक कौशल एवं सधा हुआ जनाधार उन्हें तेजस्वी के समकक्ष खड़ा करता है।
भाजपा का यह दांव साफ संकेत देता है कि पार्टी अब पारंपरिक सवर्ण एवं गैर-यादव पिछड़ा समीकरण से आगे बढ़कर सीधे यादव मतदाताओं के बीच सेंध लगाने की तैयारी में है।
इस पहल से न सिर्फ महागठबंधन की रणनीति पर असर पड़ेगा, बल्कि बिहार की राजनीति में यादव वोट बैंक की धार भी बदल सकती है।
यह रणनीति साफ संकेत देती है कि भाजपा अब तेजस्वी के पारंपरिक यादव वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए पूरी ताकत झोंकने वाली है।
इस कदम से न केवल महागठबंधन की रणनीति पर दबाव बढ़ेगा, बल्कि बिहार की राजनीति में यादव समीकरण का स्वरूप भी बदल सकता है। हालांकि भाजपा का यह प्रयोग कितना सफल होगा यह चुनाव परिणाम से तय होगा।
प्रभावशाली पहल है लक्ष्य
नित्यानंद के पास भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के साथ संगठन में विभिन्न पदों रहने के कारण कुशल सांगठनिक क्षमता भी है।
लगातार तीसरी बार उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र का संसद में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं, लगातार चार बार हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रहने का भी श्रेय प्राप्त है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के विधानसभा चुनाव अभियान समिति में 30 से 35 वरिष्ठ नेता, सांसद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय एवं राज्य सरकार के मंत्री एवं एमएलसी सम्मिलित होते हैं।
राधा मोहन को भी अहम दायित्व
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की ओर से चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनाने को लेकर भी निर्णय अंतिम चरण में है।
नेतृत्व की ओर से प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा की कुशल संगठनात्मक कौशल को परखते हुए विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति का दायित्व सौंपने की तैयारी है।
किसी भी समय यह घोषणा पार्टी कर सकती है। पूर्व एमएलसी शर्मा बिहार भाजपा के दो बार प्रदेश महामंत्री एवं एक बार प्रदेश उपाध्यक्ष रहे चुके हैं।
इसके साथ ही शर्मा के नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 15 सितंबर को पूर्णिया में संपन्न हुई भव्य जनसभा के अतिरिक्त कई मौके पर कुशल संगठनात्मक दायित्व निभाने का श्रेय प्राप्त हैं।
संभवत: शर्मा के अनुभव को परखते हुए पार्टी यह पहल करने जा रही है। उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रबंधन समिति में 35 से 40 प्रदेश संगठन से जुड़े हुए वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी एवं रणनीतिकार को पार्टी जरूरत के अनुसार जगह देती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (1)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।