पहाड़ों पर तो घूमें होंगे, मगर क्या आप जानते हैं Mountain और Hill के बीच का फर्क?
Mountain और Hill दो ऐसे शब्द हैं जिनका इस्तेमाल हम अक्सर एक दूसरे की जगह कर देते हैं लेकिन भूगोल की भाषा में इनमें बड़ा अंतर देखने को मिलता है। जी हां आइए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं माउंटेन और हिल के बीच का फर्क जिसे लेकर ज्यादातर लोग कन्फ्यूज रहते हैं।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत एक ऐसा देश है, जहां आपको हर तरह की खूबसूरत वादियां देखने को मिलेंगी- ऊंचे-ऊंचे पहाड़, हरी-भरी पहाड़ियां और समतल मैदान भी। हम में से ज्यादातर लोग पहाड़ों पर घूमने का शौक रखते हैं, छुट्टियों में मनाली, शिमला या उत्तराखंड की वादियों में जाना किसे पसंद नहीं? लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस जगह को हम 'पहाड़' कहते हैं, वो सच में पहाड़ है या सिर्फ एक बड़ी पहाड़ी? जी हां, Mountain और Hill में फर्क होता है और ये जानना काफी दिलचस्प है।
ऊंचाई का अंतर
सबसे पहला और सबसे बड़ा फर्क इनकी ऊंचाई का होता है।
आम तौर पर, जिसे हम पहाड़ कहते हैं, उसकी ऊंचाई समुद्र तल से 1,000 से 2,000 फीट (लगभग 300 से 600 मीटर) से ज्यादा होती है। कुछ परिभाषाओं में यह 2,000 फीट से भी ज्यादा हो सकती है। पहाड़ बहुत ऊंचे होते हैं, इनकी चोटियां नुकीली होती हैं और अक्सर उन पर बर्फ जमी होती है (खासकर हिमालय जैसे ऊंचे पहाड़ों पर)।
वहीं, पहाड़ी (Hill) की ऊंचाई आमतौर पर 1,000 फीट (लगभग 300 मीटर) से कम होती है। ये पहाड़ जितनी ऊंची नहीं होतीं, इनकी चोटियां ज्यादा नुकीली नहीं होतीं और इन पर चढ़ना पहाड़ों की तुलना में आसान होता है।
यह भी पढ़ें- आप या हम हाथ लगाएंगे, तो चिपक जाएंगे, लेकिन बिजली के तार पर बैठे पक्षियों को क्यों नहीं लगता करंट?
ढलान और बनावट
पहाड़ों (Mountains) की ढलानें बहुत खड़ी और ऊबड़-खाबड़ होती हैं। इनमें गहरी घाटियां और खतरनाक रास्ते हो सकते हैं। इनकी बनावट ज्यादा जटिल होती है।
इसके उलट, पहाड़ियों (Hills) की ढलानें कम खड़ी और ज्यादा कोमल होती हैं। इन पर चलना या चढ़ना ज्यादा मुश्किल नहीं होता और इनकी सतह पहाड़ों जितनी पथरीली नहीं होती।
जलवायु और वनस्पति
पहाड़ों पर ऊंचाई के कारण ठंड ज्यादा होती है और मौसम तेजी से बदलता है। यहां विशेष प्रकार की वनस्पति पाई जाती है जो ठंडे और कठिन मौसम को झेल सके, जैसे देवदार और चीड़ के घने जंगल। ऊंचाई बढ़ने के साथ पेड़-पौधे कम होते जाते हैं और बर्फ का साम्राज्य शुरू हो जाता है।
पहाड़ियों पर जलवायु आमतौर पर कम ठंडी और ज्यादा सुहानी होती है। यहां ज्यादा हरी-भरी घास, झाड़ियां और विविध प्रकार के पेड़-पौधे पाए जाते हैं, क्योंकि मौसम और मिट्टी इतनी कठोर नहीं होती।
यह भी पढ़ें- कभी सोचा है चौकोर न होकर गोलाकार ही क्यों होती हैं Airplane की खिड़कियां? दिलचस्प है इसका साइंस
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।