खुशखबरी: पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर जल्द दौड़ेंगे वाहन, दोनों तरफ सड़क बनकर तैयार; पढ़िए कितना है इंतजार?
Delhi News राजधानी दिल्ली वालों के लिए एक अच्छी खबर है। पंजाब बाग फ्लाईओवर को लेकर जल्द ही इंतजार खत्म होने वाला है। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि अक्टूबर की शुरुआत से वाहन इस फ्लाईओवर पर फर्राटा भरेंगे। विभाग के अनुसार इस फ्लाईओवर का लगभग निर्माण पूरा हो चुका है। लेकिन कुछ कार्य अभी शेष है। पढ़िए विभाग ने और क्या-क्या कहा है?

रिषभ बाजपेयी, पश्चिमी दिल्ली। Punjab Bagh Flyover पंजाब बाग फ्लाईओवर के लिए दिल्ली वासियों को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। फ्लाईओवर के अधिकांश हिस्से का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन कुछ कार्य अभी शेष है।
लोक निर्माण विभाग के अभियंता का कहना है कि वर्षा और पेड़ों की वजह से निर्माण कार्य में देरी हुई है, लेकिन उसे पूरा करने के लिए मजदूरों की संख्या में इजाफा कर के दिन-रात डबल शिफ्ट में तेजी के साथ स्लैब डालने का कार्य किया जा रहा है। फ्लाईओवर के दोनों तरफ की सड़क बनकर तैयार है। केवल बीच में स्लैब डालने का कार्य किया जा रहा है।
वहीं, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि सितंबर के अंत तक शेष कार्य भी पूरे हो जाएंगे। अक्टूबर की शुरुआत से वाहन फ्लाईओवर से तेजी के साथ फर्राटा भरने लग जाएंगे, जिससे वाहन चालकों के समय के साथ उनके ईंधन की भी बचत होगी।
पंजाबी बाग के क्लब रोड स्थित छह लेन वाले फ्लाईओवर को वेस्ट दिल्ली इंटीग्रेटेड ट्रांजिट कारिडोर डेवलपमेंट के तहत तैयार किया जा रहा है, जिसकी लंबाई 1.1 किलोमीटर की है। फ्लाईओवर के एक तरफ की चौड़ाई 11.50 मीटर है, जबकि दोनों तरफ की चौड़ाई 23 मीटर है। फ्लाईओवर के दोनों तरफ से छह कारें आराम से गुजर सकती हैं।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, फ्लाईओवर पर तीन स्लैब डालने बाकी है। एक स्लैब को डालने में अधिकतम सात दिन लगते हैं। इसलिए 20 दिनों के अंदर तीनों स्लैब का कार्य पूरा हो जाएगा। काम को तेजी से निपटाने के लिए दो शिफ्टों में काम किया जा रहा है, जिसमें करीबन 60 मजदूर काम रहे हैं। कुछ जगहों पर डिवाइडर व फ्लाईओवर के किनारे दीवार व रेलिंग लगनी है वह भी जल्द ही हो जाएगा।
विभाग के अनुसार, यह काम पूरा होने के बाद फ्लाईओवर पर लाइट के लिए खंभे और डिवाइडर पर पेड़ लगाए जाएंगे। फ्लाईओवर के दोनों तरफ की सड़क बनाकर तैयार कर दी गई है। सितंबर के अंत तक इस कार्य को पूरा कर अक्टूबर में फ्लाईओवर शुरू होने की उम्मीद है।
बनाए गए हैं तीन अंडरपास
पंजाबी बाग फ्लाईओवर के नीचे तीन अलग-अलग जगहों पर अंडरपास बनाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही करने में दिक्कत का सामना न करना पड़े। ईएसआइ अस्पताल, श्मशान घाट और मोतीनगर के पास अंडरपास बनाया गया है। ताकि तिलक नगर से आने वाले या फिर जाने वाले वाहन चालकों को दिक्कत न हों।
अगस्त में पूरा होना था कार्य
अगस्त के महीने में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा होना था लेकिन अब यह एक महीने और आगे बढ़ गया है। अधिकारी का कहना है कि पंजाबी बाग की तरफ फ्लाईओवर जहां पर उतर रहा है वहां सड़क के किनारे फुटपाथ पर लगे पेड़ बीच में आ रहे हैं, जिसकी वजह से यह रास्ता साफ नहीं हो पा रहा है।
वन विभाग को इसके लिए शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक इन्हें हटाया नहीं गया है। अगर यह पेड़ हट जाएंगे तो सड़क को चौड़ा कर के फ्लाईओवर का रास्ता साफ हो जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जुलाई के महीने से लगातार वर्षा हुई तो इसकी वजह से भी काम में रुकावट आई है।
यह भी पढ़ें- Weather Update: आज कैसा रहेगा मौसम? दिल्ली-एनसीआर में 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, बारिश के भी आसार
जाम से मिलेगा छुटकारा
पंजाबी बाग फ्लाईओवर पूरा तैयार हो जाने से दिल्ली से लेकर हरियाणा तक के लाखों लोगों को इसका फायदा मिलेगा। धौलाकुंआ से राजौरी गार्डन और जनकपुरी आने वाले को जाम के झाम से मुक्ति मिलेगी। साथ ही राजौरी गार्डन से नेताजी सुभाष पैलेस की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को फायगा होगा। साथ ही वाहन चालकों के ईंधन के साथ ही समय की भी बचत होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।