Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने शुरू किया 'मास्क लगाओ कोरोना भगाओ' अभियान

    By Mangal YadavEdited By:
    Updated: Mon, 12 Oct 2020 05:02 PM (IST)

    स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना पर नियंत्रण में भारत ने अन्य देशों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। आज स्वस्थ होने की दर 86 से 87 फीसद है। डॉ हर्षवर्धन ने इस कार्यक्रम में सहयोग के लिए दो बार दैनिक जागरण का आभार जताया।

    मास्क वितरण और जागरूकता अभियान को संबोधित करते केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन

    नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (डीएमए), इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए), पूर्वी दिल्ली और चौपाल की तरफ से सोमवार से राजधानी में ‘मास्क लगाओ, कोरोना भगाओ’ अभियान शुरू कर दिया गया है। इसमें मास्क वितरण के साथ जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। रोहताश नगर से इसकी शुरुआत की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़कर इस अभियान का शुभारंभ किया। दैनिक जागरण के साथ मीडिया पार्टनरशिप में हुए इस अभियान के तहत आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशन के साथ मिलकर डीएमए, आइएमए, पूर्वी दिल्ली व चौपाल के सदस्य लोगों को कोरोना को लेकर जागरूक करेंगे। साथ ही नि:शुल्क मास्क का भी वितरण करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डॉ. हर्षवर्धन ने अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि कोरोना पर नियंत्रण में भारत का प्रदर्शन अन्य देशों से बेहतर रहा है। जब कोरोना ने दस्तक दी तो हमारे पास जांच के लिए एक लेबोरेटरी थी। आज 1900 लेबोरेटरी हैं। पीपीई किट और वेंटिलेटर के लिए हम दूसरे देशों पर निर्भर थे। आज हम निर्यात करने की स्थिति में हैं। आज एक दिन में 10 लाख जांच हो रही हैं। देश में कोरोना से स्वस्थ होने की दर 86 से 87 फीसद पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव में मास्क सबसे कारगर हथियार है। मुङो खुशी है कि डीएमए और आइएमए, पूर्वी दिल्ली चौपाल के साथ मिलकर लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए आगे आई हैं। इसके साथ निश्शुल्क मास्क वितरण भी कर रही हैं। इसमें अभियान में सहयोग के लिए उन्होंने दैनिक जागरण का भी आभार जताया।

    इसके बाद कार्यक्रम स्थल से पोस्टर और बैनर के साथ शिवाजी पार्क तक रैली निकाली गई। इसमें लोगों को मास्क बांटते हुए उनसे मास्क लगाने, शारीरिक दूरी का ध्यान रखने और नियमित अंतराल पर हाथ साफ करते रहने की अपील की गई। कार्यक्रम के संयोजक और दिल्ली मेडिकल काउंसिल के सदस्य डॉ. हरीश गुप्ता ने कहा कि अगर सभी लोग 30 दिन तक मास्क लगाकर चलें तो कोरोना पर नियंत्रण में आसानी हो जाएगी। यही संदेश हम देना चाहते हैं। डीएमए के अध्यक्ष डॉ. बीबी वाधवा ने कहा कि यह अभियान पूरी दिल्ली में चलाया जाएगा। आइएमए, पूर्वी दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. सुनील सिंघल ने कहा कि इस बीमारी से फिलहाल जागरूकता के जरिये बचा सकता है। इसलिए इस तरह के अभियान की जरूरत थी। महापौर निर्मल जैन ने इस अभियान के लिए आयोजकों का धन्यवाद किया। चौपाल के निदेशक भोलानाथ विज ने कहा कि उनकी संस्था इस अभियान से जुड़कर गौरवान्वित महसूस कर रही है। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्र, स्थानीय विधायक जितेंद्र महाजन, डीएमए के सचिव डॉ. अजय गंभीर, भाजपा जिलाध्यक्ष मास्टर बिनोद, पार्षद सुमनलता नागर, अजय शर्मा और रीना महेश्वरी आदि मौजूद रहे।

    कार्यक्रम की शुरुआत में कोरोना काल में सराहनीय कार्यो के लिए चिकित्सकों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मान पाने वालों में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शारदा जैन, जीटीबी अस्पताल के निदेशक डॉ. आरएस रौतेला, फोरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. एनके अग्रवाल, स्वामी दयानंद अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजनी खेडवाल, राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल की चिकित्सक और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. छवि गुप्ता, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट की कोरोना मामलों की नोडल अधिकारी डॉ. प्रज्ञा शुक्ला, डॉ. एसके नायक, डॉ. अभिनव भनोट, डॉ. अवनी गोयल, डॉ. अनिल यादव, डॉ. अरविंद आर्या, डॉ. गौतम सिंह, समाजसेवी डॉ. अनिल गुप्ता के साथ डीएमसी के सदस्य डॉक्टर अश्वनी गोयल शामिल रहे।

    Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो