Satyapal Malik Death: दिल्ली से पैतृक गांव तक दौड़ी शोक की लहर, राहुल-केजरीवाल ने X पर क्या लिखा?
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का 79 वर्ष की आयु में दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। केजरीवाल ने उन्हें सत्ता के सामने सच बोलने का साहस रखने वाला बताया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। Satyapal Malik Death जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। कई नेताओं ने एक्स पर पोस्ट डालकर दुख जताया है।
बता दें कि 79 वर्षीय सत्यपाल मलिक ने मंगलवार को 1 बजकर 12 मिनट पर दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल, RML) अस्पताल में अंतिम सांस ली। सत्यपाल मलिक लंबे समय से बीमार चल रहे थे और यहां अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
केजरीवाल ने जताया अत्यंत दुखद
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट डालते हुए लिखा कि पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भारतीय राजनीति ने एक ऐसा व्यक्तित्व खोया है जो सत्ता के सामने भी सच बोलने का साहस रखता था।
उन्होंने लिखा कि वे न सिर्फ एक अनुभवी राजनेता थे, बल्कि देशहित के मुद्दों पर निडर होकर अपनी बात कहने वाले विरले नेताओं में से एक थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह कठिन समय सहने की शक्ति दें।
राहुल गांधी ने क्या लिखा?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। मैं उन्हें हमेशा एक ऐसे इंसान के रूप में याद करूंगा, जो आखिरी वक्त तक बिना डरे सच बोलते रहे और जनता के हितों की बात करते रहे। मैं उनके परिवारजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर लिखा कि पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन का समाचार बेहद दुःखद है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सादगी, स्पष्टवादिता और जनहित के मुद्दों पर अपनी बेबाक राय के लिए हमेशा एक अलग पहचान बनाई। उनका जाना भारतीय राजनीति की एक सधी हुई आवाज का शांत हो जाना है।
यह भी पढ़ें- Satyapal Malik Death: जम्मू-कश्मीर के पूर्व गवर्नर की ऐसी तस्वीरें, देखकर पहचानना होगा मुश्किल
उधर, सत्यपाल मलिक के पैतृक गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, गांव वालों का उनके भाइयों के घर पर सांत्वना देने के लिए तांता लगा हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।