विधायक हड़प रहे जमीन...भ्रष्टाचार की बड़ी पूंजी, संबित पात्रा ने 'आप' पर लगाए कई गंभीर आरोप
संबित पात्रा ने एक रविवार को दिल्ली भाजपा के प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के चेहरे पर घबराहट नजर आ रही है। साथ उन्होंने आप के विधायक सोमनाथ भारती पर जमीन हड़पने और अधिकारियों को धमकाने का आरोप लगाया है।

राज्य ब्यूरो जागरण, नई दिल्ली। दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस दौरान सभी राजनीतिक दल एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। वहीं, भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और उसके विधायक पर जमकर निशाना साधा है।
आप की सबसे बड़ी पूंजी भ्रष्टाचार- संबित पात्रा
भाजपा दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उससे उनके चेहरे पर चिड़चिड़ापन और घबराहट साफ झलक रही है। आप की सबसे बड़ी पूंजी भ्रष्टाचार है।
यह भी पढ़ें: Delhi Election 2025: '40 लाख परिवारों को कहां से देंगे 25-25 हजार रुपये', BJP का केजरीवाल से सवाल
चाहे शराब घोटाला हो, जल बोर्ड घोटाला हो, डीटीसी बस घोटाला हो, स्कूलों में क्लास रूम घोटाला हो, सीसीटीवी लगाने के नाम पर घोटाला हो।
उन्होंने आगे कहा कि आप के बड़े नेता भी जमीन हड़पने में शामिल रहे हैं। अगर केजरीवाल 50 हजार वर्ग गज में बने शीशमहल में रहते हैं तो उनके विधायक कैसे पीछे रह सकते हैं। उन्होंने भी जमीन हड़पकर वैसा ही महल बनाने का फैसला किया है।
सोमनाथ भारती ने हड़पी जमीन
आप विधायक सोमनाथ भारती के करीबी ने जैतपुर में एक व्यक्ति से जमीन हड़प ली थी। इस संबंध में नवंबर 2023 में एफआईआर दर्ज की गई थी। उन्होंने एक ऑडियो क्लिप जारी कर कहा कि इसमें जांच अधिकारी भारती उन पर चार्जशीट दाखिल करने से पहले जांच के कागजात फाड़ने का दबाव बना रहे हैं।
पात्रा ने कहा कि उन्हें रिश्वत लेने का प्रलोभन भी दिया जा रहा है। आप के लोग हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। फर्जी वोट बनाने और फर्जी मतदान करवाने का काम आप के लोग करते हैं। इस बार जनता घोटालेबाजों के मुंह पर कालिख पोत देगी।
यह भी पढ़ें : उजागर हुई दिल्ली दंगे की कहानी...सालों बाद पुलिस सुलझाएगी गुत्थी, SHO के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश
25-25 हजार रुपये कैसे दे सकते हैं केजरीवाल?
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल प्रत्येक परिवार को 25,000 रुपये की छूट देने का झूठा दावा कर रहे हैं। दिल्ली का बजट 78 हजार करोड़ रुपये का है। उन्हें बताना चाहिए कि इस बजट में वह दिल्ली के 40 लाख परिवारों को 25-25 हजार रुपये कैसे दे सकते हैं?
12 लाख रुपये तक की आयकर छूट
जनता को संबोधित करते हुए पात्रा ने बजट 2025 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के बजट में 12 लाख रुपये तक की आयकर छूट का लाभ दिल्ली के एक करोड़ लोगों को मिलेगा।
उन्होंने कहा, "बजट में किसानों से लेकर मध्यम वर्ग तक सभी का ख्याल रखा गया है। पहली बार सरकार ने मध्यम वर्ग को उम्मीद से ज्यादा दिया है। 12 लाख रुपये तक की आयकर छूट का सबसे ज्यादा लाभ दिल्ली को मिलने वाला है। यहां करीब एक करोड़ मध्यम वर्ग के लोग हैं।"
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।