Delhi में संपत्ति विवाद में कत्ल... भतीजों ने चाचा को गोली मारकर उतारा मौत के घाट
पश्चिमी दिल्ली में संपत्ति विवाद के चलते भतीजों ने अपने चाचा मोहम्मद मंजूर की गोली मारकर हत्या कर दी। मंजूर बैटरी रिक्शा से घर जा रहे थे तभी उन पर हमला हुआ। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है। मृतक का बिहार में अपने भतीजों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के एक गांव में प्रॉपर्टी को लेकर हुए विवाद में भतीजों ने पंजाबी बाग इलाके में अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। जिस शख्स की हत्या हुई है उनका नाम मोहम्मद मंजूर है।
बताया गया कि घटना के समय मो. मंजूर बैटरी रिक्शा से घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में ही नजदीक से गोली मारकर घटना को अंजाम दिया गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मंजूर पत्नी, दो बेटों और एक बेटी के साथ राजौरी गार्डन के टीसी कैंप में रहते थे। वह साप्ताहिक बाजार में लेडीज सूट बेचते थे।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विचित्रवीर ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे पुलिस को गुरु गोविंद सिंह अस्पताल से एक व्यक्ति को गोली मारे जाने के बाद उसे भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल शख्स ने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि मृतक मंजूर मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और सोमवार रात मादीपुर स्थित साप्ताहिक बाजार में लेडीज सूट बेचने के बाद घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो युवक ने बैटरी रिक्शा को रोका और उन्हें काफी नजदीक से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी वहां से भाग गया।
पुलिस ने मृतक के परिवार वालों से पूछताछ की। जिसमें पता चला कि मंजूर का बिहार में अपने भतीजों के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसमें हत्यारे को भागते हुए देखा गया। परिवार वालों ने उसकी पहचान मृतक के भतीजों मुर्तज और मुश्ताक के रूप में की। दोनों दिल्ली में ही रहते हैं। पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां से गायब थे।
यह भी पढ़ें- पिता के न कांपे हाथ न दहला कलेजा, जिगर के टुकड़े को दी ऐसी दर्दनाक मौत; सहम उठा पूरा इलाका
पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए तकनीकी जांच की और उन्हें इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।