बड़ा कारोबार, मोटा मुनाफा: दिल्ली में बढ़ रहा शराब का धंधा, राजस्व में भी हो रही बढ़ोतरी; अवैध व्यापार भी फैला
दिल्ली में शराब का कारोबार बढ़ रहा है जिसके साथ ही सरकारी राजस्व और अवैध शराब का धंधा भी बढ़ रहा है। सामान्य दिनों में लाखों बोतलें बिकती हैं त्योहारों पर यह संख्या और बढ़ जाती है। अवैध शराब का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है जिसमें हरियाणा और अन्य राज्यों से तस्करी की जा रही शराब शामिल है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में शराब का धंधा बढ़ता जा रही है। इसी अनुपात में बढ़ रहा है सरकारी राजस्व और शराब का अवैध धंधा। दिल्ली में करीब 950 होटल, क्लब और रेस्टोरेंट को शराब परोसने की अनुमति है।
सामान्य दिनों में प्रतिदिन 12-13 लाख बोतल शराब की बिक्री होती है। विशेष मौकों होली-दिवाली पर यह दोगुने से भी अधिक हो जाती है। 2023 में होली से पहले तीन दिनों में 63.9 लाख बोतल शराब बिकी। 2024 में यह संख्या 69.7 तथा 2025 में 72 लाख से अधिक हो गई।
2024 में दिवाली से पहले 15 दिनों में 3.87 करोड़ बोतल शराब की बिक्री हुई। सरकार को 447.62 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। पर, नुकसान यह रहा कि इसने दिल्ली में अवैध शराब का कारोबार को भी इसी अनुपात में बढ़ा दिया। बताया जा रहा है कि वर्तमान में दिल्ली में होने वाली शराब की कुल बिक्री का लगभग 20 प्रतिशत अवैध शराब का है।
दिल्ली में शराब का बढ़ता राजस्व
वर्ष | कानूनी शराब बिक्री (बोतल) | कानूनी राजस्व (करोड़ रुपये) | अवैध शराब जब्त (बोतल) |
22-23 | 45 करोड़ | 6,830 | दो लाख |
23-24 | 47 करोड़ | 7,430.97 | 2.8 लाख |
24-25 | 50 करोड़ | 7,765.97 | 3.2 लाख |
दिल्ली में पिछले तीन वर्षों में अवैध शराब के मामलों में गिरफ्तारी
वर्ष | गिरफ्तारी | जब्त बोतलें | जब्त वाहन |
---|---|---|---|
अप्रैल 2021 - मार्च 2022 | 646 | 211,555 | 325 |
अप्रैल 2022 - मार्च 2023 | 565 | 160,652 | 253 |
अप्रैल 2024 - अक्टूबर 2024 | 289 | 103,349 | 104 |
यहां से आती है अवैध शराब
- पड़ोसी राज्य : दिल्ली में अधिकांश अवैध शराब हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, और ओडिशा से आती है
- हरियाणा : हरियाणा की शराब प्रमुख है, क्योंकि यह सस्ती और आसानी से उपलब्ध होती है।
- स्थानीय आपूर्ति : दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों में संचालित होने वाली नकली-कच्ची शराब की अवैध फैक्ट्रियां से
- अंतरराज्यीय तस्करी : कुछ गैंग ओडिशा से दिल्ली और हरियाणा/पंजाब तक अवैध शराब की तस्करी करते हैं
कौन-कौन सी शराब
- देशी शराब: कच्ची शराब, जो स्थानीय स्तर पर महुआ लाहन या अन्य सस्ते कच्चे माल से बनाई जाती है।
- नकली अंग्रेजी शराब: नकली ब्रांडेड शराब, जो सस्ते रसायनों और मिलावट से तैयार की जाती है।
- तस्करी वाली शराब: हरियाणा और अन्य राज्यों से लाई गई ब्रांडेड शराब, जो बिना लाइसेंस के बेची जाती है।
- बीयर : अवैध रूप से तस्करी की गई बीयर और अन्य कम अल्कोहल युक्त पेय।
यह भी पढ़ें- आबकारी विभाग से सरकार को मिला रिकॉर्ड राजस्व, ऐसे शराब पीने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।