नौकरी से निकाले जाने से नाराज कर्मचारी ने मैनेजर पर पेपर कटर से किया अटैक, पुलिस आरोपी की तलाश में
पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ में नौकरी से निकाले जाने पर एक कर्मचारी ने मैनेजर पर पेपर कटर से हमला कर दिया। घायल मैनेजर संजय कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रोहित की तलाश शुरू कर दी है जो घटना के बाद से फरार है। रोहित को नशे की हालत में काम करने के कारण नौकरी से निकाला गया था।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। नजफगढ़ थाना क्षेत्र में नौकरी से निकाले जाने पर नाराज कर्मचारी ने कंपनी के मैनेजर पर पेपर कटर से हमला कर घायल कर दिया। घायल मैनेजर का नाम संजय कुमार है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के बाद से भागे आरोपित की तलाश में जुटी है।
28 जून को पुलिस को सूचना मिली कि कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी ने मैनेजर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पता चला कि घायल मैनेजर को पास के तारक अस्पताल में ले जाया गया है। जहां पहुंचने पर पता चला कि उसे द्वारका के आकाश अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
कंपनी में रोहित नाम का एक कर्मचारी करता था काम
आकाश अस्पताल में संजय का इलाज चल रहा था। संजय के हाथ पर धारदार हथियार से दो तीन हमले किए गए थे। संजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कंपनी में रोहित नाम के एक कर्मचारी काम करता था। वह नशे का आदी था। किसी काम को ठीक से नहीं करता था।
27 जून को कंपनी से रोहित को निकाल दिया गया
27 जून को कंपनी से रोहित को निकाल दिया गया। 28 जून की दोपहर वह खाना खाने के बाद फोन लेकर बाहर आए। बाहर रोहित मौजूद था। उसने संजय को देखते ही उनपर ईंट से हमला करने की कोशिश की। संजय ने उसके हाथ को पकड़कर खुद को बचाव करने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने पेपर कटर निकालकर संजय पर ताबड़तोड़ हमला करने लगा।
बचाव करने के बावजूद उनके हाथ पर कई जख्म हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद रोहित मौके से भाग गया। अन्य कर्मचारियों ने संजय को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने संजय के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।