तलाकशुदा महिलाओं की शादी कराने का लेता था ठेका, बन गया करोड़पति
एक तलाकशुदा महिला ने उसकी जानकारी निकाली तो आरोपी शादीशुदा और दो लड़कियों का पिता निकला। साथ ही उसके द्वारा बायो डाटा में दी गई जानकारी भी झूठी निकली।
नई दिल्ली (जेएनएन)। अशोक विहार पुलिस ने तलाकशुदा और विधवा महिलाओं के साथ शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी मेट्रिमोनियल साइट्स पर खुद को तलाकशुदा बता कर सक्रिय था। उसकी पहचान रोहिणी निवासी मनीष गुप्ता(36) के रूप में हुई है।
आरोपी खुद को दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित कॉलेज से एमबीए, सफल बिजनेस मैन और एक करोड़ रुपये प्रति साल कमाई वाला बताता था। इसके बाद महिलाओं को शादी करने का झांसा देकर उनसे रुपये ऐंठने के बाद फरार हो जाता था।
कुछ दिन पहले की थी लव मैरिज, करवाचौथ के दिन पत्नी को तेजाब से नहलाया
पुलिस की पूछताछ में आरोपी द्वारा कई महिलाओं के साथ ठगी करने की बात सामने आई है। पुलिस को उसके मोबाइल से 30 महिलाओं के नंबर भी मिले है। जिनसे आरोपी संपर्क में था। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त मिलिंद डुंबरे ने बताया कि 9 अक्टूबर को एक होम्योपैथी महिला डॉक्टर ने शिकायत की।
महिला ने बताया कि वह तलाकशुदा है। उसने अपना मेट्रिमोनियल साइट पर शादी के लिए प्रोफाइल रजिस्टर किया हुआ है। इस दौरान वह आरोपी मनीष के संपर्क में आई। आरोपी ने उसके ई-मेल पर अपना आकर्षक बायो डाटा भेजा। जिसमें उसने खुद को लोहे का कारोबारी बताया। इसके दोनों की कई बार वाट्सअप पर बातचीत होने लगी।
आरोपी महिला को शादीशुदा जिंदगी के खुबसूरत सपने दिखाने लगा। एक दिन महिला को फोन करके आरोपी ने कहा कि उसका पर्स, डायमंड रिंग और क्रेडिट कार्ड खो गया है। उसे तुरंत पैसों की जरूरत है। महिला ने उस पर विश्वास कर उसके खाते में 50 हजार रुपये नकद और 25 हजार रुपए अपने खाते से आनलाइन भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने महिला फोन उठाना बंद कर दिया।
महिला ने उसकी जानकारी निकाली तो आरोपी शादीशुदा और दो लड़कियों का पिता निकला। साथ ही उसके द्वारा बायो डाटा में दी गई जानकारी भी झूठी निकली। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने एक टीम का गठन किया। जांच के दौरान आरोपी के पते भी फर्जी निकले।
जिसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना पर आरोपी को अशोक विहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके मोबाइल में मिले नंबरों के आधार पर यह पता करने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगा है।