Instagram पर फॉलोअर्स बढ़ाने से किया इनकार, दो नाबालिगों ने चाकू से किया ताबड़तोड़ वार; और फिर...
पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई में इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स बढ़ाने से इनकार करने पर दो नाबालिगों ने 19 वर्षीय हर्षित पर चाकू से हमला कर दिया। हर्षित गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। इंस्टाग्राम पर फालोअर्स बढ़ाने से इंकार करना एक युवक को भारी पड़ गया। इस बात से गुस्साए दो नाबालिगों ने 19 साल के युवक की पहले पिटाई कर दी और उसपर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़ित को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया है। नांगलोई थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
हर्षित प्रेम नगर किराड़ी में रहता है। हर्षित नांगलोई स्थित एक आभूषण की दुकान में हेल्पर का काम करता है। उसका एक दोस्त विनीत भी पास के एक गहने की दुकान में काम करता है।
थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में हर्षित ने पुलिस को बताया कि 20 जुलाई की रात वह नांगलोई से अपने दोस्त विनीत के साथ घर की ओर जा रहा था। कैंप नंबर तीन के पार्क के पास उसे दो लड़के मिले।
जिसमें से एक लड़के ने हर्षित से कहा कि आजकल तुम इंस्टाग्राम पर काफी वीडियो डाल रहे हो, तुम हमारा भी फालोअर्स बढ़वा दो। हर्षित ने मना कर दिया और अपने दोस्त के साथ वहां से जाने लगा।
कुछ दूर जाने के बाद पीछे से फिर दोनों लड़के उसके पास आए। दोनों ने उसकी पिटाई कर दी और एक ने हर्षित के कूल्हे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोस्त पर हमला होते देख विनीत चिल्लाते हुए वहां से भागा।
शोर सुनकर आस पास के लोग जमा हो गए। लोगों को देखकर हमलावर वहां से भाग गए। विनीत ने तुरंत उसे संभाला और एक शख्स की बाइक पर लेकर उसे संजय गांधी अस्पताल पहुंचा। अस्पताल से पुलिस को घटना की जानकारी मिली।
अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि हर्षित को संजय गांधी अस्पताल से आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस वहां से आरएमएल अस्पताल पहुंची। दर्द की वजह से हर्षित बयान देने की हालत में नहीं था।
अगले दिन पुलिस ने हर्षित के बयान पर गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पवन तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। जिसके जरिए पुलिस को पता चला कि हर्षित पर हमला करने वाले दोनों आरोपी नाबालिग हैं।
पुलिस ने दोनों को नांगलोई से पकड़ लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पूछताछ में दोनों आरोपित ने बताया कि उनलोगों ने गुस्से में घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।