हर्ष मल्होत्रा का निगम पार्षद से MP प्रत्याशी तक का सफर, विधायकी से हारने के बाद योगेंद्र चंदोलिया पर एक बार फिर भरोसा
बीजेपी ने दिल्ली के सभी सातों उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बुधवार को पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से प्रत्याशी का एलान किया गया है। वहीं आप-कांग्रेस गठबंधन में आप ने अपने चार उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं जबकि कांग्रेस को अभी उम्मीदवार उतारने बाकी हैं। आइए जानते हैं कि आज घोषित दो उम्मीदवार का बैकग्राउंड क्या है?

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी। इसमें कुल 72 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। वहीं दिल्ली में भी पार्टी ने दो प्रत्याशियों का एलान कर दिया। इसमें पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेंद्र चांदोलिया शामिल हैं। हंसराज हंस का इस बार टिकट कट गया है। आइए जानते हैं कि दोनों प्रत्याशी कौन हैं?
हर्ष मल्होत्रा, पूर्वी दिल्ली
हर्ष मल्होत्रा का कागजी नाम हर्षदीप मल्होत्रा है। वह पूर्वकालिक पूर्वी निगम में 2007 से 2017 तक निगम पार्षद रहे। वर्ष 2015-16 में तत्कालीन पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर बने। वह पूर्वी दिल्ली के वेलकम कॉलोनी वार्ड से निगम पार्षद का चुनाव लड़ते रहे हैं।
हर्ष मल्होत्रा शाहदरा भाजपा के 2014 में जिलाध्यक्ष भी रहे हैं। मल्होत्रा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे आदेश गुप्ता की टीम में भी प्रदेश महामंत्री थे जबकि वीरेंद्र सचदेवा की टीम में भी महामंत्री के तौर पर कार्य कर रहे हैं। हर्ष मल्होत्रा 59 वर्ष के हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से बीएससी जबकि डीयू के ही लॉ फैक्लटी से एलएलबी की पढ़ाई भी की है। वह दधीची देहदान समिति में अध्यक्ष के तौर भी कार्य कर रहे हैं।
योग्रेंद चांदोलिया, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली
योगेंद्र चांदोलिया भाजपा दिल्ली प्रदेश में महामंत्री हैं। वह करोल बाग विधानसभा की आरक्षित सीट से 2020 में भी उम्मीदवार थे और इससे पहले भी वह विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। चांदोलिया 56 वर्ष के हैं। वह 2007 से 2012 और 2012 से 2017 तक देव नगर वार्ड से पार्षद रहे हैं। वर्ष 2010 में दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के चेयरमैन रहे। दो साल उन्होंने लगातार यह पद संभाला। वह 2014-15 में तत्कालीन उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर बने थे।
उनका स्वयं का व्यवसाय है। दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कालेज से स्नातक हैं। वह भाजपा में वर्तमान में उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के चुनाव प्रभारी के तौर पर कार्य कर रहे थे। चांदोलिया ने पूर्व में हिमाचल, मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेता के तौर पर कार्य किया है। वह दिल्ली भाजपा में युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।