Delhi NCR Weather: सुबह की बारिश के बाद शाम को इन जगहों पर पड़े ओले; जानें कल कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार की सुबह बारिश हुई। वहीं शाम होते-होते हरियाणा के कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई है। सोनीपत गोहाना गन्नौर और खरखौदा में बारिश के साथ ही ओले पड़े हैं। इससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं रविवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की गई है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार की सुबह बारिश हुई। इस वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं शाम होते-होते हरियाणा के कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई है। सोनीपत, गोहाना, गन्नौर और खरखौदा में बारिश के साथ ही ओले पड़े हैं। इससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
वहीं, गुरुग्राम में भी हल्की बारिश होने के चलते मौसम बदला है। सुबह आठ बजे से नौ बजे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। शुक्रवार रात से ही आसमान घने बादलों से घिरा हुआ था। तेज हवा चली और वर्षा शुरू हो गई। मौसम विभाग ने एक से तीन मार्च तक वर्षा होने की संभावना जताई थी। एक मार्च को सिर्फ आंशिक बादल छाए और धूप भी खिली थी। शाम को भी मौसम खराब ही रहा।
वहीं, दिल्ली के कुछ इलाकों में भी आज ओलावृष्टि की आशंका जताई गई थी। वहीं शाम तक आसमान में बादल उमड़ते रहे। राजधानी में आकाश में बादल छाए होने के कारण शनिवार की सुबह गर्माहट भरी रही। इस वजह से न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया। इस बीच सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हल्की वर्षा हुई।
बदले मौसम से किसान हुए चिंतित
अचानक मौसम बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में इस समय रबी की मुख्य फसलें सरसों, चना, जौ और गेहूं पकने के लिए तैयार है। ऐसे में इन फसलों में ज्यादा सिंचाई की जरूरत भी महसूस नहीं की जा रही है। ओले गिरने, तेज हवा चलने या तेज वर्षा से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
रविवार को भी कई इलाकों में बूंदाबांदी
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी आकाश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली में 0.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। पालम में 1.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा लोधी रोड, रिज एरिया सहित कई इलाकों में हल्की वर्षा हुई। दूसरी ओर दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में भी सुधार हुआ है। इस वजह से दिल्ली में एयर इंडेक्स घटकर एक बार फिर 200 से हो गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।