विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Dog Attack: खूंखार कुत्तों के झुंड का चार साल के बच्चे पर हमला, मासूम के होंठ, गाल और आंख के पास काटा

Published: Wed, 23 Jul 2025 07:51 PM (GMT+05:30)

दिल्ली के अलीपुर में एक दर्दनाक घटना में आंगनबाड़ी से लौट रहे 4 वर्षीय बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने ...और पढ़ें

आंगनबाड़ी से पढ़ाई कर घर लौट रहे चार वर्षीय बच्चे पर कुत्तोें के झुंड ने किया हमला।
आंगनबाड़ी से पढ़ाई कर घर लौट रहे चार वर्षीय बच्चे पर कुत्तोें के झुंड ने किया हमला।

HighLights

  1. आंगनबाड़ी से लौट रहे बच्चे पर हमला
  2. चेहरे पर आई गंभीर चोटें
  3. इलाके में दहशत का माहौल

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। अलीपुर इलाके में बुधवार की दोपहर आंगनबाड़ी से पढ़ाई कर घर लौट रहे चार वर्षीय बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दौरान बच्चे के होंठ, गाल और आंख के पास चार जगहों पर काट लिया।

आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को कुत्तों के चंगुल से बचाकर आनन-फानन में बच्चे को नरेला स्थित राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद घायल बच्चे को छुट्टी दे दी गई है।

वहीं, इस घटना के बाद से ही इलाकेे में लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इसकी जानकारी मिलने पर नरेला निगम जोन के संबंधित कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर तीन कुत्तों को पकड़ा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में काफी तादाद में कुत्ते हैं, दिन प्रतिदिन इनकी संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में क्षेत्र में कुत्तों का नसबंदी अभियान चलाया जाना चाहिए।

गुड़िया देवी अपने पति मोहित राय और चार वर्षीय बेटा अभिषेक के साथ अलीपुर स्थित नेहरू एन्क्लेव में रहती हैं। गुड़िया ने बताया कि वह बिहार के मुजफ्फरपुर जिला के चंगेल गांव की रहने वाली है।

डेढ़ वर्ष से यहां रह रही हैं। पति मजदूरी करता है, जबकि वह घरों में झाड़ू, पोछा लगाने का काम करती हैं। गुड़िया ने बताया कि बुधवार की सुबह उनका बेटा अलीपुर स्थित मिनी स्टेडियम के पास ही आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई करने गया था।

बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही उनका बेटा मिनी स्टेडियम के पास पहुंचा। उसपर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुछ ही सेकंड में कुत्तों ने अभिषेक के चेहरे पर चार जगहों पर काट लिया।

आसपास मौजूद लोगों ने कुत्तों को भगाकर, बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के बाद डाक्टरों ने बच्चे को छुट्टी दे दी है।

गुड़िया ने नगर निगम अधिकारी से मांग की है कि बिना किसी देरी क्षेत्र में अभियान चलाकर इन कुत्तों को पकड़ा जाए। साथ ही इनका नसबंदी अभियान भी चलाया जाए, ताकि कुत्तों की बढ़ रही आबादी पर शिकंजा कसा जा सके।

पीड़ित परिवार ने कहा, यह कोई पहली घटना नहीं

पीड़ित परिवार ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले कई बार कुत्ते लोगों को काट चुके हैं। समय-समय पर लोग इसकी शिकायत भी नरेला निगम जोन के संबंधित अधिकारियों से करते रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई होता नहीं दिख रहा है।

जिसका नतीजा है कि फिर अभिषेक भी इन कुत्तों का शिकार हो गया। स्थानीय निवासी सतेंद्र ने बताया कि बच्चे पर जब कुत्तों ने हमला किया, तो वह अपने पीजी में मौजूद थे।

बाहर निकलकर देखा तो, कुत्ते बच्चे को काट रहे थे। अन्य लोगों की मदद से कुत्तों को भगाया। फिर एक अन्य बाइक सवार ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही, तुरंत घटनास्थल पर संबंधित कर्मचारियों को भेजा गया। जहां से तीन कुत्तों को पकड़ा भी गया है। जहां कुत्तों की संख्या ज्यादा है, उन जगहों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया जाएगा।

-राकेश कुमार, निगम उपायुक्त, नरेला जोन

यह भी पढ़ें- हर जोन में बनाया जाएगा शेल्डर होम, दिल्ली में आवारा कुत्तों के आतंक से निपटने के लिए MCD ने उठाया कदम