Delhi Yamuna Pollution: यमुना में फीकल कोलिफार्म 272 गुना अधिक, अक्टूबर की तुलना में ज्यादा प्रदूषित हुई नदी
Delhi Yamuna Oxygen Level दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (DPCC) की एक रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में यमुना के पानी में फीकल कोलिफार्म की मौजूदगी अधिकतम स्वीकृत संख्या से 6.8 गुना से लेकर 272 गुना तक अधिक है। कई जगहों पर यमुना के पानी में आक्सीजन का स्तर शून्य पाया गया।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (DPCC) की एक रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में यमुना के पानी में फीकल कोलिफार्म की मौजूदगी अधिकतम स्वीकृत संख्या से 6.8 गुना से लेकर 272 गुना तक अधिक है। अक्टूबर माह की तुलना में नवंबर में तीन जगहों पर यमुना के पानी में प्रदूषक तत्व बढ़े भी हैं। इस वजह से इन जगहों पर यमुना का पानी अधिक प्रदूषित हुआ है। आइएसबीटी, निजामुद्दीन पुल, ओखला बैराज सहित पांच जगहों से लिए गए यमुना के पानी में आक्सीजन का स्तर शून्य पाया गया।
डीपीसीसी ने नवंबर माह में आठ जगहों से यमुना के पानी के सैंपल लेकर जांच की। जिसमें से पांच जगहों पर यमुना के पानी में प्रदूषक तत्व अक्टूबर माह की तुलना में आंशिक रूप से कम हुए हैं। लेकिन पल्ला को छोड़कर सभी जगहों पर यमुना के पानी में प्रदूषक तत्व सामान्य से ज्यादा पाए गए। आइटीओ पुल व असगरपुर के पास यमुना के पानी में सीओडी (केमिकल आक्सीजन डिमांड) का स्तर थोड़ा बढ़ा है।
फीकल कोलीफार्म की मात्रा बढ़ी
इसके अलावा ओखला बैराज के पास आगरा कैनाल व असगरपुर में यमुना के पानी में फीकल कोलिफार्म की संख्या बढ़ी है। सीवरेज से फीकल कोलीफार्म नालों व नदियों में पहुंचकर पानी को प्रदूषित करते हैं। वजीराबाद में भी यमुना के पानी में फीकल कोलीफार्म की मौजूदगी अधिकतम स्वीकृत संख्या से 6.8 गुना अधिक है। आइटीओ पुल के पास यमुना के पानी में फीकल कोलीफार्म 80 गुना अधिक, ओखला बैराज के पास 132 गुना व असगरपुर में 272 गुना अधिक पाए गए।
ये भी पढ़ें- Delhi: पिता बोले- 'गाल की हड्डी टूटने से बेटी बोल और खा नहीं पा रही', टीचर ने पहली मंजिल से फेंका था छात्रा को
नवंबर माह में विभिन्न जगहों पर यमुना के पानी में मौजूद प्रदूषक की स्थिति
जगह सीओडी बीओडी डीओ फीकल कोलिफार्म
पल्ला 32 2 9.1 1100
वजीराबाद 64 8 5.4 17,000
आइएसबीटी पुल 192 50 0 2,10,000
आइटीओ पुल 186 52 0.7 2,00,000
निजामुद्दीन पुल 224 56 0 38,000
ओखला बैराज 256 73 0 5,80,000
आगरा कैनाल 208 60 0 4,10,000
असगरपुर 304 70 0 6,80,000
ये भी पढ़ें- Delhi: कार लूटकर नेपाल-भूटान सहित पड़ोसी देश में बेचते, गैंग ने फैला रखा था विदेशों में जाल; 5 गिरफ्तार
अक्टूबर माह में विभिन्न जगहों पर यमुना के पानी में मौजूद प्रदूषक की स्थिति
जगह सीओडी बीओडी डीओ फीकल कोलिफार्म
वजीराबाद 69 8.5 5.2 20,000
आइएसबीटी पुल 208 52 0 2,40,000
आइटीओ पुल 181 53 0.5 2,10,000
निजामुद्दीन पुल 256 58 0 39,000
ओखला बैराज 272 76 0 6,30,000
आगरा कैनाल 224 62 0 4,00,000
असगरपुर 288 75 0 6,10,000
नोट: बायोलाजिकल आक्सीजन डिमांड (बीओडी) का सामान्य स्वीकृत स्तर तीन मिलीग्राम प्रति लीटर, डिसाल्व आक्सीजन (डीओ) का सामान्य स्तर पांच मिलीग्राम प्रति लीटर और फीकल कोलिफार्म की वांछित संख्या प्रति 100 मिली लीटर 500 और अधिकतम स्वीकृत संख्या 2500 निर्धारित है।