Delhi Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी... दिल्ली-NCR में कड़ाके की सर्दी; AQI का हाल भी जानिए
दिल्ली-NCR में आज सुबह हल्का कोहरा छाया रहा लेकिन घना कोहरा नहीं होने से वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। मौसम विभाग ने तीन दिन तक के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। शीतलहर के चलते अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है। आज दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 306 दर्ज किया गया है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Delhi Weather Update पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से दिल्ली-एनसीआर में सर्दी और ज्यादा बढ़ गई है। वहीं, शीतलहर के बीच सोमवार को कोहरे की एक पतली परत छाई हुई है। हालांकि, आज घना कोहरा नहीं होने की वजह से वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
बता दें कि मौसम विभाग ने तीन दिन तक के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश से ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है।
उधर, राजधानी में कोहरे के कारण नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है।
#WATCH | Delhi: Due to cold wave and fog in the national capital, many trains are running late at New Delhi Railway Station, and some trains have also been cancelled. pic.twitter.com/bkTdjjUeI4
— ANI (@ANI) January 13, 2025
आइए आपको आज के एक्यूआई के बारे में भी बताएंगे कि दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में आज कहां कितना एक्यूआई रहा है। एक्यूआईसीएन.ओआरजी (aqicn.org) के आज दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 306 दर्ज किया गया है। अन्य इलाकों का एक्यूआई नीचे टेबल में देखिए।
आज सुबह कहां कितना रहा AQI
स्थान | AQI |
आनंद विहार दिल्ली | 306 |
नरेला दिल्ली | 164 |
अलीपुर दिल्ली | 159 |
ITI जहांगीरपुरी दिल्ली | 171 |
वजीरपुर दिल्ली | 177 |
मुंडका दिल्ली | 161 |
संजय नगर गाजियाबाद | 151 |
लोनी गाजियाबाद | 105 |
नोएडा सेक्टर-62 | 156 |
गुरुग्राम सेक्टर-51 | 173 |
रविवार को भी नहीं निकली तेज धूप
शनिवार के बाद रविवार को दिल्ली में वर्षा तो नहीं हुई, लेकिन ठिठुरन भरी ठंड पूरे दिन बनी रही। धूप भी नहीं के बराबर ही निकली। मौसम विभाग ने अब अगले तीन दिन के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार व बुधवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है।
बुधवार को कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हो सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 78 प्रतिशत रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री पूसा का रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री आया नगर का दर्ज हुआ।
वहीं, यदि वर्षा की बात करें तो शनिवार सुबह साढ़े आठ से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटे में दिल्ली में 2.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार सुबह भी ज्यादातर जगह स्माग एवं मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा भी हो सकता है। शाम और रात के समय भी यही स्थिति बनी रहेगी। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 और सात डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
केदारनाथ धाम में तापमान माइनस 19 डिग्री पहुंचा
ठंड के साथ वर्षा, कोहरा और पहाड़ों पर जारी हिमपात से जनजीवन लगातार प्रभावित है। उत्तर प्रदेश समेत पंजाब, हरियाणा में हल्की वर्षा हुई। इस कारण से ठिठुरन बढ़ गई। हिमाचल में वर्षा व हिमपात के कारण शीतलहर तेज हो गई है।
यह भी पढे़ं- Delhi Election 2025: उत्तर-पूर्वी दिल्ली की 10 सीटों पर कौन मारेगा बाजी? AAP, BJP और कांग्रेस में है कांटे का मुकाबला
हिमपात के कारण शिमला-चौपाल राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। उत्तराखंड में चारधाम, हेमकुंड, औली समेत सभी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो रही है। सीमावर्ती इलाकों में कई जगह राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हैं। केदारनाथ धाम में तीन फीट तक बर्फ जमी है। वहां तापमान माइनस 19 डिग्री पहुंच गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।