Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    14 जनवरी की रात से बिगड़ेगा मौसम, पंजाब-हरियाणा व यूपी समेत 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानिए 4 दिनों का हाल

    Updated: Mon, 13 Jan 2025 05:39 AM (IST)

    पूरे उत्तर भारत में बारिश ने सर्दी बढ़ा दी है। कड़ाके की ठंड के बीच मौसम विभाग ने दोबारा बारिश का अलर्ट जारी किया है। 14 जनवरी की रात से उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में मौसम बिगड़ेगा। इस वजह से आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान भी गिरेगा। आईएमडी ने यूपी और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी कर दी है।

    Hero Image
    14 जनवरी की रात से बदलेगा मौसम। ( फोटो- एएनआई)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जारी की है। उत्तर और मध्य भारत में अभी लोगों को भीषण ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    14 जनवरी की रात से एक नया पश्चिम विक्षोभ मौसम को प्रभावित करेगा। इस वजह से लोगों को अगले दो दिनों तक बारिश के साथ ठंड का सामना करना पड़ेगा। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी के आसार हैं।

    इन राज्यों में पड़ेगा घना कोहरा

    13 जनवरी यानी आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 14 जनवरी को पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली में घने कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा।

    11 राज्यों में बारिश का अलर्ट

    मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिम विक्षोभ इन दिनों पंजाब के ऊपर सक्रिय है। 14 जनवरी की रात से दोबारा मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और यह सिलसिला 16 जनवरी तक जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ में बारिश के आसार हैं। पहाड़ी राज्यों में हिमपात भी होगा। वहीं श्रीलंका के पास एक चक्रवात बने होने की वजह से तमिलनाडु और केरल में भी बारिश का अलर्ट है।

    पिछले 24 घंटे में मौसम का हाल

    पिछले 24 घंटे में पश्चिम विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में घना कोहरा पड़ा। यहां दृश्यता 50 मीटर से कम रही।

    ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा देखने को मिला। जम्मू-कश्मीर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच कम होते अंतर के कारण रविवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही। पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बारिश ने ठंड बढ़ा दी है।

    इन क्षेत्र में गिरेगा पारा

    मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। इसके बाद तीन दिनों तक तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं अगर पश्चिम भारत की बात करें तो अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।

    इसके बांद 2-3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। पूर्वी भारत में अगले 48 घंटों के दौरान लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यहां न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की उम्मीद है। मगर इसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी हो सकती है।

    कैसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम?

    • 13 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में कोल्ड-डे जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा पड़ेगा। इसके अलावा बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश समेत पूरे पूर्वोत्तर में कोहरे का अलर्ट है।
    • 14 जनवरी को पंजाब-हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों में घना कोहरा पड़ सकता है। तमिलनाडु और केरल में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
    • 15 जनवरी को उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में पश्चिम विक्षोभ की वजह से गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। वहीं तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
    • 16 जनवरी को भी पहाड़ी राज्यों और पंजाब व हरियाणा में बारिश हो सकती है। मगर मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, असम, त्रिपुरा और मेघालय में घना कोहरा पड़ेगा।

    यह भी पढ़ें: Los Angeles में नहीं रुक रही आग की रफ्तार, खंडहरों में तब्दील इमारतें; जानिए अब तक का पूरा अपडेट


    यह भी पढ़ें: नासिक में बड़ा सड़क हादसा, ट्रक से टैंपो की भिड़ंत में 8 लोगों की मौत; धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी