Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Los Angeles में नहीं रुक रही आग की रफ्तार, खंडहरों में तब्दील इमारतें; जानिए अब तक का पूरा अपडेट

    दक्षिणी कैलिफोर्निया के लॉस एंजेलिस में फैली आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। जंगलों से फैली ये आग रिहायशी इलाकों को जला रही है। तेज चल रही हवाओं से आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया है। लॉस एंजेलिस में फैली इस आग का दायरा बढ़कर अब 62 वर्ग मील हो गया है। अभी तक इस आग के कारण 16 लोगों की जान गई है।

    By Jagran News Edited By: Abhinav Tripathi Updated: Sun, 12 Jan 2025 11:30 PM (IST)
    Hero Image
    लॉस एंजेलिस में नहीं रुक रही आग की रफ्तार (फोटो- रॉयटर्स)

    जेएनएन, नई दिल्ली। अमेरिका के सबसे फैशनेबल शहर को आग निगलती जा रही है। अभिशाप बने तेज हवाओं को झोंके रविवार को छठे दिन भी लॉस एंजेलिस को जलाते रहे। विश्व का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र पड़ोसी कनाडा और मेक्सिको से मदद लेने के बावजूद आपदा के आगे असहाय बना रहा। राख के ढेरों के बीच सिसकियों के सुर फूट रहे हैं-आर्तनाद दिल को दहला रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शुक्रवार रात धीमी हुई हवा शनिवार रात फिर तेज होने लगी और उसने दिशा भी बदल ली। परिणामस्वरुप, आशंकाएं डराने लगीं और रविवार को आग का दायरा बढ़कर 62 वर्ग मील क्षेत्र में फैल गया। इस बीच मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई, 13 लोग लापता हैं। राख में ढेर और खंडहरों में तब्दील इमारतों में फंसे रह गए लोगों की तलाश का काम चल रहा है, मृतकों की संख्या और बढ़ने का अंदेशा है।

    हवा की रफ्तार बढ़ने से आग और फैल रही

    हवा की रफ्तार बढ़कर 110 किलोमीटर प्रति घंटा होने और उसकी दिशा बदलने से आग ने बीते 24 घंटों में पैलिसेड्स में एक हजार एकड़ का नया इलाका गिरफ्त में लिया है। अग्निशमन विभाग के अनुसार आग अभी तक 22 हजार एकड़ क्षेत्र को राख में तब्दील कर चुकी है और करीब इतने ही क्षेत्रफल वाले इलाके को अभी जला या झुलसा रही है।

    पैलिसेड्स और ईटन की कुल 36 हजार एकड़ भूमि पर आग फैली हुई है। आग अब मैंडविले कैनियन इलाके में भी फैल चुकी है और उसके नजदीकी ब्रेंटवुड और सैन फर्नांडो वैली तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया है।

    12 हजार से अधिक मकान राख

    आग उत्तर-दक्षिण 405 फ्रीवे तक पहुंच रही है। इस समय आग शहर को छह जगहों पर जला रही है, राख में तब्दील हुए मकानों-भवनों की संख्या बढ़कर 12 हजार को पार कर गई है। 57 हजार अन्य मकान-भवन खतरे में हैं। आग की चपेट वाले इलाके की बिजली काट दी गई है, सुरक्षित इलाकों के भी 50 हजार घरों की बिजली गुल है।

    अरबों डॉलर के नुकसान की संभावना

    • मौसम विभाग ने हवा के रुख में बदलाव की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं जताई है। बेकाबू आग की चपेट में आए लास एंजेलिस में संपत्ति का नुकसान बढ़ता जा रहा है।
    • अगर जल्द आग नियंत्रण में नहीं आई तो उससे हुआ नुकसान 150 अरब डालर से ज्यादा भी हो सकता है।
    • हजारों लोग बर्बाद हो गए हैं तो बीमा कंपनियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। संघीय सरकार 100 प्रतिशत नुकसान की भरपाई का आश्वासन दे रही है लेकिन वह प्रशासन द्वारा दिए गए नुकसान के आंकड़ों के आधार पर होगी।
    • वास्तविक नुकसान की भरपाई संभव नहीं होगी। यही बात पीड़ितों को सबसे ज्यादा परेशान कर रही है।

    यह भी पढ़ें: Los Angeles Fire: आग बुझाने में क्यों बेबस हो गया अमेरिका; कहां आ रही परेशानी, यहां जानिए सबकुछ