'दिल्ली को दहलाने की हो रही साजिश', आतंकियों से चंदा लेकर उन्हें संरक्षण देती है AAP-कांग्रेस, अनुराग ठाकुर का आरोप
भाजपा ने आप और कांग्रेस पर आतंकवादियों और देशविरोधी शक्तियों से चंदा लेकर उन्हें संरक्षण देने का आरोप लगाया है। भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, देश लिए आतंकवाद बड़ी समस्या है। नरेंद्र मोदी सरकार आतंकवाद को लेकर जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रही है। लगभग 11 वर्षों में आतंकवाद व नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए मजबूती से काम हो रहा है। भाजपा के लिए हमेशा राष्ट्र प्रथम है।
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल राष्ट्रविरोधी शक्तियों के साथ हाथ मिलाते हैं। राजनीतिक लाभ के लिए उनसे चंदा भी प्राप्त कर मौन धारण कर लेते हैं। डबल डेटिंग करने वाले राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, आतंकी अफजल गुरु की फांसी के मुद्दे पर इकट्ठे नजर आए थे।
केजरीवाल व आतिशी को जवाब देना चाहिए
प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा, अफजल गुरु की फांसी को माफ कराने के लिए किसकी एनजीओ, किसका परिवार सामने आया था। केजरीवाल व आतिशी को जवाब देना चाहिए। देश का नामोनिशान मिटाने वाले टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ कांग्रेस व आप खड़ी थी। टुकड़े-टुकड़े गैंग के मुखिया को दोनों पार्टियों ने समर्थन किया और चुनाव में टिकट दिया। पंजाब चुनाव में आतंकियों के घर में केजरीवाल रूके थे।
आतंकी संगठनों से चंदा क्यों लिया
उन्होंने कहा आप ने दिल्ली दंगा भड़काकर विधानसभा चुनाव प्रभावित करने का प्रयास किया था। दंगे का आरोपी ताहीर हुसैन आप का नेता था। आप व कांग्रेस बाटला हाउस के बलिदानी इंस्पेक्टर पर सवाल खड़ा किया था। दिल्ली के स्कूलों में बम धमाके की धमकी देकर डर पैदा करने वालों के तार किस पार्टी से जुड़ रहे हैं इसका जवाब आतिशी, केजरीवाल व राहुल गांधी को देना चाहिए। भारत विरोधियों व आतंकी संगठनों से चंदा क्यों लिया, इसका जवाब देना होगा।
केजरीवाल अराजकता व सनसनी के पुराने खिलाड़ी
आप व कांग्रेस आतंकवाद व अलगाववाद को समर्थन करने, भारत को नुकसान पहुंचाने वालों, खालिस्तान समर्थकों के साथ खड़े होने, उन्हें संरक्षण देने और उनसे चंदा लेने को लेकर जनता को जवाब देना होगा। केजरीवाल अराजकता व सनसनी के पुराने खिलाड़ी हैं। बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को पनाह देते हैं और गुनाह करने के लिए उनके सिर पर हाथ भी रखते हैं।
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, आप देश विरोधी शक्तियों को बढ़ावा दे रही है। दिल्ली में सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का काम आप का स्लीपर सेल कर रहा है। एक नाबालिग चार सौ स्कूलों में बस धमाके की धमकी वाला ई-मेल करता है। आप को बताना चाहिए कि वह ऐसा किसके कहने पर किया और उसके पास स्कूलों का ई-मेल किसने उपलब्ध कराया। नाबालिग के परिजन जिस एनजीओ से जुड़े हैं, उसका किससे संबंध यह सभी जानते हैं।
दिल्ली को दहलाने की हो रही साजिश
इस तरह के काम जानबूझकर किया जा रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में शाहीनबाग व दिल्ली दंगा किया गया। इस बार चुनाव में भी दिल्ली को दहलाने की साजिश हो रही है। देश विरोधी नारेबाजी करने वालों को आप ने बचाने का काम किया। नारेबाजी से संबंधित आप सरकार के इशारे पर वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई थी।
आप सरकार आरोपित उमर खालिद के विरुद्ध मुकदमा चलाने की अनुमति नहीं दे रही थी। मुंबई में सैफ अली खान पर हमला होने पर केजरीवाल प्रेसवार्ता करते हैं, लेकिन जब हमलावर बांग्लादेशी निकलता है तो वह चुप हो जाते हैं। वह बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों के बल पर चुनाव लड़ना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें- Delhi Chunav: 'जो गाली-गलौज कर रहे हैं, जनता उन्हें देगी करारा जवाब', BJP पर संजय सिंह का हमला; पढ़िए खास इंटरव्यू
योगी आदित्यनाथ देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। भाजपा के कार्यकर्ता व नेता सभी राज्यों में चुनाव प्रचार करने जाते हैं। भाजपा के संकल्प पत्र से आप में घबराहट है। संकल्प पत्र और भाजपा के बड़े नेताओं के चुनाव प्रचार से आप को पराजय का डर सताने लगा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।