Delhi Chunav: 'जो गाली-गलौज कर रहे हैं, जनता उन्हें देगी करारा जवाब', BJP पर संजय सिंह का हमला; पढ़िए खास इंटरव्यू
Delhi Chunav 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप के बड़े नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि इस चुनाव में जो गाली-गलौज ...और पढ़ें

वीके शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर है, जनता के सामने एक ही सवाल है कि चौथी बार भी क्या आप सत्ता में आ सकती है? चूंकि मुख्य विपक्षी दल भाजपा और कांग्रेस यह दावा कर रहे हैं कि इस बार आप सत्ता से बाहर होगी।
उधर, आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को आप सरकार पर जनता का विश्वास कायम दिख रहा है। इन सब के बीच आम आदमी पार्टी के बड़े नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह से दैनिक जागरण के वीके शुक्ला ने बात की। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न प्रकार के मुद्दों, आरोप प्रत्यारोप और चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी की क्या रणनीति है, इस पर उनके साथ चर्चा हुई। प्रस्तुत हैं बातचीत के मुख्य अंश।
इस चुनाव को आम आदमी पार्टी कितना चुनौती पूर्ण मानती है?
देखिए, आम आदमी पार्टी चुनाव प्रचार में बहुत आगे निकल चुकी है, क्योंकि जब तक भाजपा अपने प्रत्याशी घोषित नहीं कर सकी थी, तब तक आप के सारे प्रत्याशी प्रचार का पहला चक्र कर चुके थे। रेवाड़ी का जो कार्यक्रम था, वह पूरी दिल्ली में चल रहा था, जिसमें हम बता रहे थे कि लोगों को बिजली फ्री दी, पानी फ्री दिया, शिक्षा फ्री दी, इलाज फ्री दिया और बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा फ्री में कराई। माता बहनों के लिए बस की यात्रा फ्री की, इतने सारे जनहित के काम किए हैं। अभी मुख्यमंत्री ने महिला सम्मान योजना और बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना की घोषणा की है। इस चुनाव में जो गाली-गलौज कर रहे हैं, जनता उन्हें करारा जवाब देगी।
मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना की घोषणा के तहत पंजीकरण शुरू किए थे, लेकिन दिल्ली सरकार के विभागों ने दावा किया कि ऐसी योजना ही नहीं है। विभागों ने पार्टी पर गुमराह करने का भी आरोप लगाया, इस पर क्या कहेंगे?
ये दोनों दिल्ली सरकार की चुनावी घोषणाएं हैं। सरकार में भाजपा प्रायोजित कुछ अधिकारी हैं, जो इस तरह के काम करते हैं। यह भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रायोजित दुष्प्रचार है। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी प्रेसवार्ता में कहा था कि अगली सरकार बनने पर 2,100 रुपये की महिला सम्मान राशि देंगे, उसका वीडियो मौजूद है। यह हमारे घोषणापत्र का हिस्सा है।
आप के प्रमुख नेता नई आबकारी नीति घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में जेल में रहकर के आए हैं। इस माहौल में इस चुनाव को आप किस रूप में देख रही है?
इससे भाजपा से लोगों का विश्वास हटा है। हमारे ऊपर लोगों का विश्वास और बढ़ा है। केजरीवाल को उन्होंने गिरफ्तार किया, उनके घर से कुछ नहीं मिला। न जमीन न कोई फ्लैट का कागज। कोई सोना न रुपया मिला। मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कराया, कुछ नहीं मिला, सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया, कुछ नहीं मिला। मुझे गिरफ्तार किया, मेरे घर पर कुछ नहीं मिला। भाजपा ने अपनी दुर्भावना की राजनीति के कारण हमें जेल भेजा। इतनी यातना दी कि अरविंद केजरीवाल को इंसुलिन तक नहीं दिया।
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी का हिंदू समाज की ओर झुकाव ज्यादा है, पुजारी-ग्रंथी योजना हो या सनातन समिति गठित करने की बात हो?
हम हिंदुओं के लिए कोई काम क्यों नहीं कर सकते हैं? हिंदुओं का ठेका क्या भाजपा ने ले रखा है, भाजपा ने हिंदुओं के लिए क्या किया है? हिंदू धर्म में शांति की बात की जाती है, जबकि भाजपा इसके नाम पर लोगों को आपस में लड़वाती है।
यह भी पढे़ं- Delhi Chunav 2025: दिल्ली के दंगल में BJP ने उतारे गाजियाबाद के 5 सियासी योद्धा, क्या खत्म होगा 27 साल का सूखा?
रोहिंग्या-बांग्लादेशियों को लेकर भाजपा लगातार आप पर निशाना साध रही है, इसे लेकर क्या कहेंगे?
हमने देश और दिल्ली में भाजपा और केंद्र सरकार ने रोहिंग्या-बांग्लादेशियों को बसाया है। यह केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का बयान है। उन्होंने 2022 में ट्वीट किया था कि उन्होंने रोहिंग्या को बक्करवाला में बसाया है। देश के बॉर्डर की सुरक्षा केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।