Delhi Weather: दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश, 9 मई तक 'लू' से राहत के आसार; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
दिल्ली के कई इलाकों में आज सुबह हल्की वर्षा हुई जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली विश्वविद्यालय में सबसे अधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले चार दिनों तक गरज के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। इस वजह से दिल्ली में नौ मई तक लू से राहत बरकरार रहेगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में सुबह कई इलाकों में हल्की वर्षा हई। इस दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय में सबसे अधिक एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। पीतमपुरा व मयूर विहार में 0.5 मिलीमीटर हुई वर्षा। इसके अलावा लोधी रोड व रिज क्षेत्र में भी हुई बहुत हल्की वर्षा हुई।
वहीं दोपहर में धूप भी निकली और हवा की गति भी कम रही। इससे पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में 5.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। फिर भी अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे भीषण गर्मी से राहत बरकरार रही।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली में अभी चार दिनों तक गरज, बिजली चमकने के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद भी दो दिन आकाश में बादल छाए रहेंगे। इस वजह से नौ मई तक लू से राहत बरकरार रहने की संभावना है।
दिल्ली में आकाश में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली में आकाश में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में बहुत हल्की या हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा भी चल सकती है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है लेकिन पिछले दिन के मुकाबले यह 3.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
IMD ने जारी की ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी
इसके एक दिन पहले दो मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग देर शाम व रात के वक्त भी हल्की से मध्यम स्तर ही वर्षा होने व 40 से 50 किलोमीटर की गति से हवा चलने का पूर्वानुमान जारी करते हुए आरेंज अलर्ट की चेतावनी दी थी। लेकिन देर शाम कहीं कोई वर्षा नहीं हुई।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ से शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच 24 घंटे में और शनिवार को सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे के बीच हुई वर्षा (मिलीमीटर)
जगह | 24 घंटे में वर्षा | सुबह साढ़े आठ बजे के बाद वर्षा |
---|---|---|
सफदरजंग | 0.8 | 0.0 |
रिज क्षेत्र | 4.4 | 0.1 |
आया नगर | 0.2 | 0.0 |
दिल्ली विश्वविद्यालय | 1.0 | 1.0 |
पीतमपुरा | 0.0 | 0.5 |
मयूर विहार | 0.0 | 0.5 |
राजघाट | 0.8 | 0.2 |
दिल्ली में मध्यम श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता
दिल्ली में शनिवार को प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी हुई। इस वजह से दिल्ली का एयर इंडेक्स 180 रहा जो मध्यम स्तर में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 145 था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में अभी तीन दिन हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार रहेगी। सीपीसीबी के अनुसार गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 139, ग्रेटर नोएडा व नोएडा का एयर इंडेक्स 136 रहा। इन तीनों शहरों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। गुरुग्राम का एयर इंडेक्स संतोषजनक श्रेणी में 91 रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।