Delhi में एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़, चार सदस्य गिरफ्तार; साधु के वेश में करते थे वारदात
दिल्ली के मोतीनगर में पुलिस ने साधु के भेष में झपटमारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। तीन झपटमार और एक आभूषण व्यापारी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों से सोना हीरे और ऑटो बरामद हुए हैं। यह गिरोह रैपिडो में बैठी महिलाओं को निशाना बनाते थे और अंगूठी छीन लेते थे। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली में मोतीनगर थान पुलिस ने शरीर पर राख लगाकर साधु के भेष में झपटमारी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चौथा आरोपित आभूषण कारोबारी है जो बदमाशों से गहने खरीदता था।
इनके कब्जे से पुलिस ने पिघला हुआ सोना और अंगूठी से निकाले गए हीरे के 61 छोटे टुकड़े, ऑटो व अन्य सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में निहाल विहार निवासी विनोद कामत, पंजाबी बाग निवासी कबीर, बिरजू और जीटीबी नगर निवासी गुरचरण सिंह शामिल है। विनोद और कबीर पर पहले से मामला दर्ज है।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि एक अगस्त को मोती नगर थाना पुलिस को सोने और हीरे की अंगूठी छीने जाने की शिकायत मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को महिला शिकायतकर्ता मिली, जिसने बताया कि वह मोती नगर स्थित अपने घर से रैपिडो टैक्सी से कनॉट प्लेस जा रही थी। शादीपुर फ्लाईओवर की लाल बत्ती पर रुकी टैक्सी के पास तीन लोग पहुंचे। तीनों साधु के भेष में थे और उन्होंने अपने शरीर पर राख लगा रखा था। उन्होंने खिड़की खटखटाई और उनसे पैसे मांगे।
शिकायतकर्ता ने उन्हें 200 रुपये दिए। पैसे देने के दौरान एक आरोपित ने उनकी अंगुली से सोने और हीरे की अंगूठी छीन ली और मौके से सभी भाग गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
मोतीनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वरुण दलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। आरोपितों को एक आटो-रिक्शा में भागते हुए देखा गया। पुलिस ने उस आटो-रिक्शा के मालिक की पहचान कर ली।
वहीं, पूछताछ करने पर मालिक ने बताया कि उसने आटो विनोद कामत नामक व्यक्ति को किराए पर चलाने के लिए दिया था। पुलिस ने मालिक से विनोद का मोबाइल नंबर लेकर उसे सर्विलांस पर लगाया। फिर पुलिस लोकेशन के जरिए विनोद को अशोका पार्क मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। विनोद कामत के निशानदेही पर पुलिस ने सीमेंट साइडिंग झुग्गी पंजाबी बाग में छापा मारकर उसके साथियों कबीर और बिरजू को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने चोरी की अंगूठी गुरचरण सिंह नाम के आभूषण कारोबारी को 26 हजार रुपये में बेच दी थी। इनके निशानदेही पर पुलिस ने जीटीबी नगर स्थित दुकान पर छापा मारकर गुरचरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आभूषण कारोबारी ने अंगूठी खरीदने और उसे पिघलाने की बात कबूल की। गुरचरण सिंह से पिघला हुआ सोना और 61 हीरे के छोटे टुकड़े बरामद कर लिए।
यह भी पढ़ें- 'दिल्ली में उजाड़े गरीबों के आशियाने, अपने ही वादे को भूल गई BJP'; सदन में और क्या-क्या बोलीं आतिशी
जांच के बाद पुलिस अधिकारी ने बताया कि विनोद कामत आरोपियों को परिवहन सेवा प्रदान करता था। आरोपित कबीर और उसका साथी अमर साधु के वेश में छीनाझपटी करता था। पुलिस अमर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।