Delhi Road Accidents: दिल्ली वाले सड़कों पर कर रहे नियम दरकिनार, खतरे में डाल रहे जान
दिल्ली के लोग सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करके अपने साथ ही दूसरों की जान भी खतरे में डाल रहे हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। नशे में गाड़ी चलाने वाले भी बाज नहीं आ रहे हैं। इससे अपने साथ ही दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डाल रहे हैं।
मनीष राणा, नई दिल्ली। दिल्ली वाले सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करके न सिर्फ अपनी जान खतरे में डाल रहे, बल्कि दूसरों को भी खतरे में डाल रहे हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।
धड़ाधड़ काटे गए चालान
नशे में गाड़ी चलाने वाले भी बाज नहीं आ रहे हैं जिससे न केवल वाहन चलाने वालों की बल्कि सडक पर चल रहे दूसरे लोगों की भी जान खतरें में पड़ रही है।
दिल्ली यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार एक जनवरी से 15 अप्रैल तक वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले 15,846 के चालान काटे गए। वर्ष 2023 में इसी अवधि में यह संख्या 6,369 थी। स्टाप लाइन को भी लेकर स्थिति ठीक नहीं है।
2024 की पहली तिमाही में दिल्ली के विभिन्न चौराहों पर दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा स्टाप लाइन उल्लंघन के एक जनवरी से 31 मार्च तक 1,26,084 वाहन चालकों के चालान किए गए।
वहीं, 2023 में इस अवधि में यह आंकड़ा 1,05,317 था। हालांकि, दुर्घटनाओं के मामले राहत जरूर मिली है। इसमें कुछ कमी दर्ज की गई है।
- 6192 मामले बढ़े दो सालों में नशे में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के
- 845 मामले सामने आए पंजाबी बाग में वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने के
- 24716 चालान किए गए डिफेंस कालोनी में स्टाप लाइन उल्लंघन में
नोट: आकड़े जनवरी से 31 मार्च, 2024 तक के हैं।