Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Delhi Flood: राजघाट डूबा, सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा पानी; जलस्तर तो घट रहा, लेकिन हालात अब भी बदतर

    By Jagran NewsEdited By: Geetarjun
    Updated: Fri, 14 Jul 2023 11:30 PM (IST)

    यमुना के उफान में मामूली कमी आने के बाद भी राजधानी में बाढ़ का संकट बरकरार है। अब भी नदी खतरे के निशान से ढाई मीटर से ज्यादा ऊपर से बह रही है। इस कारण कई क्षेत्रों में पानी भर रहा है। इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के नजदीक नाले में दरार आने व इसका रेगुलेटर क्षतिग्रस्त होने से आईटीओ क्षेत्र के साथ सुप्रीम कोर्ट परिसर के नजदीक तक पानी पहुंच गया।

    Hero Image
    यमुना के बढ़ता जलस्तर राजघाट तक पहुंचा।

    नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। यमुना के उफान में मामूली कमी आने के बाद भी राजधानी में बाढ़ का संकट बरकरार है। अब भी नदी खतरे के निशान से ढाई मीटर से ज्यादा ऊपर से बह रही है। इस कारण कई क्षेत्रों में पानी भर रहा है। इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के नजदीक नाले (WHO बिल्डिंग के पास नाला नंबर-12) में दरार आने व इसका रेगुलेटर क्षतिग्रस्त होने से आईटीओ क्षेत्र के साथ सुप्रीम कोर्ट परिसर के नजदीक तक पानी पहुंच गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्थिति को संभालने के लिए एनडीआरएफ के साथ सेना की मदद ली जा रही है। आईटीओ पर पानी भरने के कारण पूर्वी दिल्ली को मध्य दिल्ली से जोड़ने वाला विकास मार्ग बंद कर दिया गया।

    रिंग रोड सहित कई मार्ग बंद

    • रिंग रोड सहित कई मार्ग भी अभी नहीं खुले हैं, जिससे लोगों को कहीं आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है।
    • वजीराबाद सहित तीन संयंत्र बंद रहने के कारण राजधानी के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।

    घट रहा यमुना का जलस्तर

    • जलभराव वाले अधिकांश क्षेत्रों में सुरक्षा को ध्यान में रखकर बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई है।
    • यमुना का जलस्तर बृहस्पतिवार को 208.66 मीटर था, शुक्रवार शाम पांच बजे यह कम होकर 208.17 मीटर पर आ गया।
    • यमुना अभी भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से 2.84 मीटर ऊपर बह रही है।
    • अगर पिछले दिनों की तरह इसमें बढ़ोतरी जारी रहती तो राजधानी में बाढ़ की स्थिति भयावह हो जाती।

    अब कम छोड़ा जा रहा बैराज से पानी

    • हथिनी कुंड से अब पानी भी कम छोड़ा जा रहा। दो दिन पहले अधिकतम तीन लाख क्यूसिक तक पानी छोड़ा जा रहा था।
    • बैराज से अब पानी 50 से 60 हजार क्यूसेक तक छोड़ा जा रहा है।
    • इससे राहत तो मिली है, लेकिन यमुना के खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण राजधानी पर बाढ़ का संकट बरकार है।

    यातायत व्यवस्था चरमराई

    • सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, रिंग रोड के बाद बृहस्पतिवार रात से आईटीओ क्षेत्र, सुप्रीम कोर्ट के आसपास भी पानी भर गया, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
    • बृहस्पतिवार शाम को इंद्रप्रस्थ के पास सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग का नाला नंबर-12 का रेगुलेटर खराब हो गया था।

    क्षतिग्रस्त नाले का काम जारी

    • 24 घंटे बाद भी क्षतिग्रस्त नाले से पानी के बहाव को पूरी तरह से नहीं रोका जा सका।
    • दिल्ली सरकार के अधिकारियों की शुक्रवार सुबह से एनडीआरएफ व सेना की टीम के साथ इसे ठीक करने की कोशिश जारी।
    • पानी रोकने के लिए वहां पर दीवार बनाई जा रही है।

    एलजी और मंत्री ने लगाए आरोप-प्रत्यारोप

    स्थिति का निरीक्षण करने उपराज्यपाल वीके सक्सेना व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने समस्या के जल्द समाधान होने की उम्मीद जताई। मौके पर जल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल से शिकायत की कि बोलने के बाद भी अधिकारियों ने बृहस्पतिवार रात एनडीआरएफ की टीम नहीं भेजी।

    जवाब में उपराज्यपाल ने उन्हें इस तरह के आरोप लगाने की जगह मिलकर काम करने की सलाह दी। कहा, इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप से परेशानी बढ़ जाएगी। वहीं, बाढ़ को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि हथिनी कुंड बैराज से पानी पूर्वी यमुना नहर में छोड़ा जाता तो दिल्ली पर यह संकट नहीं आता।

    पलटवार करते हुए भाजपा ने इसे दिल्ली सरकार की नाकामी छिपाने की कोशिश बताया है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच राहत व बचाव दल ने बाढ़ प्रभावित यमुना बाजार, अन्ना नगर सहित मध्य व पूर्वी दिल्ली के कई स्थानों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

    किंग्सवे कैंप क्षेत्र से 50 दृष्टिबाधित बच्चों का सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बाहरी दिल्ली के जगतपुर में पुश्ता रोड पर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। पूर्वी दिल्ली में आवासीय कालोनियों में पानी भरने से लोग परेशान हैं।

    हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी

    समय- छोड़ा गया पानी (क्यूसेक)

    • मध्य रात्रि एक बजे- 62219
    • तड़के दो बजे- 61214
    • तड़के तीन बजे- 54425
    • सुबह-चार बजे- 50721
    • सुबह पांच बजे- 57948
    • सुबह छह बजे- 57948
    • सुबह सात बजे- 54673
    • सुबह आठ बजे- 53398
    • सुबह नौ बजे- 59311
    • सुबह 10 बजे- 52042
    • पूर्वाह्न 11 बजे- 54554

    यमुना का जलस्तर

    समय- जलस्तर (मीटर)

    • मध्य रात्रि एक बजे- 208.57
    • तड़के दो बजे- 208.54
    • तड़के तीन बजे- 208.52
    • सुबह चार बजे- 208.50
    • सुबह पांच बजे- 208.48
    • सुबह छह बजे- 208.46
    • सुबह सात बजे- 208.44
    • सुबह आठ बजे- 208.42
    • सुबह नौ बजे- 208.40
    • सुबह 10 बजे- 208.38
    • सुबह 11 बजे- 208.35
    • दोपहर एक बजे- 208.29
    • शाम पांच बजे- 208.20