विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Flood Update: दिल्ली में घट रहा यमुना का जलस्तर, लेकिन राहत नहीं; ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी हुआ शुरू

By Jagran NewsEdited By: Geetarjun
Published: Fri, 14 Jul 2023 06:46 PM (IST)

दिल्ली में यमुना के जलस्तर में थोड़ी राहत मिली है। गुरवार शाम से नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। ...और पढ़ें

ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा करने पहुंचे सीएम केजरीवाल।
ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा करने पहुंचे सीएम केजरीवाल।

नई दिल्ली, पीटीआई। दिल्ली में यमुना के जलस्तर में थोड़ी राहत मिली है। गुरवार शाम से नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। शुक्रवार शाम पांच बजे यमुना का जलस्तर 208.17 मीटर पहुंच गया। हालांकि यह अभी खतरे के निशान 205.33 मीटर से 2.84 मीटर ऊपर है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी कि जलस्तर घटने से ओखला जल शोधन संयंत्र शुरू हो गया है।

सरकार ने दिल्ली और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद यमुना में बढ़ते जलस्तर के कारण तीन जल उपचार संयंत्रों- वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला को बंद करने की घोषणा की थी। प्लांट बंद होने से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में पानी की कमी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, "जल स्तर में गिरावट के साथ हम ओखला जल उपचार संयंत्र शुरू कर रहे हैं। मैं जायजा लेने के लिए वहां पहुंच रहा हूं।" इसके अलावा वो वजीराबाद जल शोधन संयंत्र का भी दौरा कर सकते हैं।

तीन दिन पहले 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद दिल्ली में यमुना का जलस्तर शुक्रवार दोपहर 3 बजे घटकर 208.25 मीटर हो गया था, जबकि शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए। दिल्ली में यमुना बुधवार को 207.71 मीटर तक बढ़ गई, जिसने 1978 में बनाए गए 207.49 मीटर के अपने सर्वकालिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया।