Delhi Assembly: विधानसभा के विशेष सत्र की शुरुआत वंदेमातरम के साथ, बिंदेश्वर पाठक को दी गई श्रद्धांजलि
दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार सुबह से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत होते ही विपक्ष ने इस पर हंगामा किया। गौरतलब है कि विधानसभा के इस सत्र को बुलाने पर एलजी वीके सक्सेना ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने एलजी के पत्र का समर्थन किया। स्पीकर ने कहा सत्र नियमों के अनुरूप ही हो रहा है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार सुबह से शुरू हो गया। इसकी शुरुआत वंदेमातरम के साथ हुई। इस दौरान स्पीकर की जिम्मेदारी डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान संभाल रही हैं।
सदन की शुरुआत के साथ ही बीते कुछ माह के दौरान विभिन्न हादसों में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही सुलभ शौचालय की शुरुआत करने वाले बिंदेश्वर पाठक को भी सदन में श्रद्धांजलि दी गई।
आज दिल्ली के मुख्यमंत्री का 55वां जन्मदिन है तो सदन में अरविंद केजरीवाल को भी बधाई दी गई।
विपक्ष ने सत्र बुलाने पर जताई आपत्ति, स्पीकर ने बोलने से रोका
गौरतलब है कि विधानसभा के इस सत्र को बुलाने पर एलजी वीके सक्सेना ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी। इस खत को स्पीकर ने अनावश्यक बताया है। स्पीकर ने कहा, सत्र नियमों के अनुरूप ही हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने एलजी के पत्र का समर्थन किया। बिधूड़ी ने कहा, दिल्ली विधानसभा देश में अकेली ऐसी है, जो सभी नियमों को दरकिनार कर चलती है। बिधूड़ी की इस बात पर स्पीकर ने आपत्ति जताते हुए उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी।
दिल्ली विधानसभा (विशेष उल्लेख/नियम संख्या 280)
मोहन सिंह बिष्ट
करावल नगर में दो बांध बने हैं। यमुना नदी होने के चलते इलाका जलमग्न हो गया। बांध की ऊंचाई कम होने से पानी ऊपर से बहने लगा। बांध की ऊंचाई एक मीटर है। इसे चौड़ा भी किया जाना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर इसकी मार हिंडन तक पहुंच सकती है। पुश्ते की ऊंचाई एक मीटर बढ़ाई जाए।
अजय महावर
घोंडा विधानसभा में सीवर से निकलने वाली सिल्ट के निस्तारण की व्यवस्था नहीं है। प्रॉपर गाइडलाइन होनी चाहिए। यहां सीवर जाम रहते हैं। दोनों मुख्य सीवर लाइन पेयजल में मिक्स हो जाते हैं। जिससे पीने का पानी दूषित हो जाता है। यहां पैंतीस साल पुरानी सीवर लाइन है जिसे लेकर सत्र बुलाया जाए।
राजेंद्र पाल गौतम
दिल्ली एससी/एसटी/ओबीसी/न्यूनतम. और विकलांग वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के कर्मियों को छह महीने से वेतन नहीं मिला है। यह विभाग खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।
भूपिंदर सिंह जून
बिजवासन विधानसभा सीट से आप विधायक ने अपने इलाके में पेयजल की समस्या उठाई।
राजेश गुप्ता
विधायक ने अपने क्षेत्र में शौचालयों की दयनीय स्थिति पर सदन का ध्यान आकर्षण किया।
अनिल कुमार बाजपेयी
विधायक ने कहा कि गांधी नगर एक बड़ी मार्केट है। यहां जाम की समस्या रहती है। कई बार मीटिंग की है लेकिन कोई हल नहीं निकला।
महेन्दर गोयल
विधायक ने सदन में बुजुर्गों की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि इनके लिए रहने और खर्चे के लिए पेंशन सुविधा उपलब्ध हो।
गुलाब सिंह यादव
विधायक ने पालम फ्लाईओवर पर जाम की समस्या सदन में उठाई। उन्होंने कहा यहां जाम हर दिन की समस्या है। इससे एक नहीं चार-चार विधानसभा के लोग परेशान हैं।
राजेश ऋषि
विधायक ने कहा कि पंखारोड की स्थिति खराब है। यहां आए दिन बसें खड़ी हो जाती हैं। एमसीडी पैसा लेती है।
बिधूड़ी
भाजपा विधायक ने कहा कि परिवहन व्यवस्था चरमराई हुई है। डीटीसी की बसों में आए दिन आग लगती रहती है। बसों में ब्रेक डाउन हो जाते हैं। एक भी सीएनजी बस नहीं खरीदी गई है। डीटीसी पर सदन में चर्चा होनी चाहिए। कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया गया था। 21 हजार कर्मचारियों को समय पर पेंशन नहीं मिले तो आंदोलन करना पड़ा। विधायक ने कहा बसें खरीदी जाएं, कर्मचारियों को नियमित किया जाए और समय से पेंशन मिले।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।