यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Coronavirus Delhi Lockdown: कोरोना को देकर मात, DDA देगा जनता का साथ
Coronavirus डीडीए की पेयजल सामुदायिक और पर्यावरण संबंधित सभी सेवाएं बदस्तूर जारी रहेंगी।

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। कोरोना वायरस की दहशत के बावजूद दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने दिल्ली को रफ्तार देने की तैयारी कर ली है। वर्क फ्रॉम होम से इतर डीडीए की पेयजल, सामुदायिक और पर्यावरण संबंधित सभी सेवाएं बदस्तूर जारी रहेंगी। इसके अतिरिक्त पूरे एहतियात के साथ विकास की योजनाओं पर भी काम चलता रहेगा।
गौरतलब है कि कोरोना से संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर बायोमीटिक प्रणाली बंद होने और घर से ही काम करने की छूट मिल जाने के कारण इन दिनों डीडीए के कार्यालयों में एक फीसद भी हाजिरी नहीं रह गई है। लगभग छह हजार अधिकारियों-कर्मचारियों वाले डीडीए में 60 अधिकारी- कर्मचारी भी कार्यालय नहीं आ रहे हैं। ऐसे मे डीडीए की तमाम योजनाओं का काम तो रुक ही गया है, अनिवार्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
डीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ की बैठक
इसी के मद्देनजर सोमवार को डीडीए उपाध्यक्ष तरुण कपूर ने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक ली। दिल्ली में करीब 60 कॉलोनियां ऐसी हैं, जहां डीडीए स्वयं पेयजल आपूर्ति करता है। द्वारका और नरेला उप नगरी के बड़े हिस्से में सामुदायिक सेवाएं भी डीडीए ही संचालित करता है। इसी तरह तमाम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और गोल्फ कोर्स जो इस समय जनता के लिए बंद कर दिए गए हैं, वहां का रखरखाव भी बेहद जरूरी है। अन्यथा वहां के पेड़ पौधे एवं हरित क्षेत्र सूख जाएगा।
कोरोना से बचाव के पूरे एहतियात बरते जाएंगे
अधिकारियों के मुताबिक इस बैठक में इन सभी सेवाओं को जारी रखने का निर्णय लिया गया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सर्कुलर निकाल दिया गया है कि वे कोरोना से बचाव के पूरे एहतियात के साथ अपनी सेवाएं भी बाधित नहीं होने दें। योजनाओं की प्रगति को लेकर बीच-बीच में बैठकों का दौर जारी रखा जाएगा।
डीडीए तरुण कपूर ने बताया कि कोरोना से बचाव जरूरी है, लेकिन साथ-साथ दिल्ली का विकास और इसकी रफ्तार भी उतनी ही जरूरी है। इसलिए डीडीए के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी तमाम एहतियातों के साथ अपना दायित्व भी पूरा करते रहेंगे। आवश्यकतानुसार डीडीए अध्यक्ष और एली के साथ भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक हो जाएगी।
