'लोनी क्या पकिस्तान है, जहां राम कथा नहीं हो सकती'? BJP विधायक बोले- अधिकारियों ने CM योगी पर किया जादू टोना
लोनी में रामचरितमानस कलश यात्रा को लेकर हुए विवाद पर भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर जादू-टोना करने का आरो ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद जनपद में लोनी में रामचरितमानस के दौरान पुलिस और विधायक नंद किशोर गुर्जर (BJP MLA Nandkishor Gurjar) के समर्थकों में हुआ विवाद थमता नहीं दिख रहा है। शुक्रवार को विधायक नंद किशोर गुर्जर ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि कलश यात्रा को लेकर उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुमति ली थी।
अधिकारियों ने सीएम मुख्यमंत्री पर किया जादू टोना: भाजपा विधायक
बताया कि अनुमति के लिए आवेदन एसीपी को दिया था, इसके बावजूद रामचरितमानस कलश यात्रा को रोका गया। विधायक ने कहा कि अधिकारियों ने बाबा महाराज (मुख्यमंत्री) पर टोना टोटका कर दिया है।
पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज कराने की बात कही
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि मैं पुलिसकर्मियों के खिलाफ महिलाओं से लूट व छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराऊंगा। विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि उनकी हत्या भी हो सकती है। लोनी क्या पकिस्तान है, जहां राम कथा नहीं हो सकती।
विधायक समर्थकों और पुलिस के बीच हुआ था विवाद
लोनी में श्रीरामकथा महोत्सव से पहले कलश यात्रा निकालने को लेकर विधायक समर्थकों और पुलिस के बीच विवाद हो गया, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की में बदल गया। इसमें विधायक के कपड़े भी फट गए। विधायक ने पुलिस समेत लखनऊ के एक अधिकारी पर कार्रवाई न होने तक फटे कपड़े पहनने और अन्न-जल छोड़ने की बात कही।
वहीं, पुलिस का कहना है कि कलश यात्रा बगैर अनुमति के निकाली जा रही थी। इस दौरान तेज आवाज में भजन संगीत बजाए जा रहे थे। इसे रोकने पर कलश यात्रा में शामिल लोगों ने ही धक्का-मुक्की की है।
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के नाईपुरा स्थित कन्या महाविद्यालय परिसर में बृहस्पतिवार से लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर श्रीरामकथा महोत्सव का आयोजन करा रहे हैं। विधायक का कहना है कि श्रीरामकथा से पूर्व हजारों महिलाएं कलश यात्रा निकाल रही थीं। स्कूल गेट के पास पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने यात्रा को आगे जाने से रोक दिया।
विधायक का कुर्ता भी फट गया
आरोप है कि विरोध करने पर धक्का दिया गया। इस पर वह कुछ लोगों के साथ बगल से निकल गए। कुछ दूर चले तो पुलिस ने महिलाओं को रोक लिया। इस पर वह लौटकर आए तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। इसमें वह गिर गए और उनका कुर्ता फट गया। लोगों ने उन्हें पानी पिलाया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध किया तो उन्होंने लोगों को रोक दिया।
कहा कि पुलिस जो कर रही है, उन्हें करने दें। हालांकि, उन्होंने एक दिन पूर्व ही एसडीएम लोनी को अनुमति के लिए पत्र लिखा था। विधायक ने कहा कि वे पिछले 16 साल से लगातार श्रीराम कथा करा रहे हैं। कभी अनुमति नहीं ली गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नमाज की अनुमति ली जाती हैं। चार कथाएं चल रहीं हैं, उनकी अनुमति भी नहीं ली गई।
उन्होंने दावा किया कि उन्हें सुबह ही सूचना मिल गई थी कि उनका विरोध होगा। इस संबंध में लखनऊ में भी अवगत कराया था। कलश यात्रा स्कूल से शुरू होकर राजीव गार्डन, लक्ष्मी गार्डन इंद्रापुरी मार्ग होते हुए वापस महाविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत हुआ।
नहीं ली थी अनुमति, पुलिस से की धक्का-मुक्की
सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अजय कुमार सिंह ने बताया कि 19 मार्च की रात में सूचना मिली कि विधायक नंद किशोर गुर्जर के बेटे हितेश गुर्जर 20 मार्च को गैर परंपरागत जुलूस निकालने का कार्यक्रम कर रहे हैं। थाना प्रभारी लोनी बॉर्डर ने रात में हितेश गुर्जर को दो बार और उनके एक समर्थक के मोबाइल पर तीन बार काल की, लेकिन फोन नहीं उठा।
यह भी पढ़ें- 300 करोड़ के घोटाले का आरोप, BJP छोड़ थामा लोकदल का दामन; MLA नंद किशोर को लेकर ये क्या बोल गईं रंजीता धामा?
बृहस्पतिवार सुबह थाना प्रभारी और उन्होंने बिना अनुमति के हितेश गुर्जर, विधायक नंद किशोर गुर्जर से वार्ता कर गैर परंपरागत जुलूस निकालने से मना किया। इसके बाद भी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर जुलूस निकाला गया। इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।