Updated: Thu, 16 Jan 2025 08:25 AM (IST)
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इसमें कई बड़े वादे किए गए हैं। भाजपा ने कहा है कि अगर वह सत्ता में आई तो दिल्ली में बिजली और पानी मुफ्त होगा। महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। प्रदूषण की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। यमुना नदी को साफ किया जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आप और कांग्रेस कई गारंटियों की घोषणा कर मतदाताओं को अपने पाले में करने का प्रयास कर रही हैं। भाजपा की ओर से गठित संकल्प पत्र समिति के प्रमुख रामवीर सिंह बिधूड़ी का कहना है कि आप और कांग्रेस कभी वादे पूरे नहीं करती हैं। इस कारण उनके झूठे वादों पर जनता को विश्वास नहीं रहा। भाजपा अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करती है। भाजपा के संकल्प पत्र और दिल्ली की राजनीतिक स्थिति पर उन्होंने दैनिक जागरण के संतोष कुमार सिंह से विस्तार से चर्चा की। प्रस्तुत है बातचीत के प्रमुख अंश-
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
महिलाओं को प्रति माह आर्थिक सहायता देने सहित आप व कांग्रेस ने कई घोषणाएं की हैं, इसमें भाजपा क्यों पिछड़ रही है?
भाजपा का संकल्प पत्र लगभग तैयार है। शीघ्र जारी कर दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी दिल्ली की महिलाओं को धोखा दे रही है। पिछले वर्ष मार्च में दिल्ली सरकार के बजट में महिलाओं को प्रति माह एक-एक हजार रुपये देने की घोषणा करने के साथ ही दो करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया था।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को बताना चाहिए कि उपराज्पाल एवं राष्ट्रपति से मंजूरी के बाद भी महिलाओं को पैसे क्यों नहीं दिए गए?
लोकसभा चुनाव के समय महिलाओं से फार्म भरवाए गए थे, लेकिन किसी महिला के बैंक अकाउंट में पैसे नहीं पहुंचे। अब विधानसभा चुनाव में भी 2,100 रुपये देने के लिए पंजीकरण के नाम पर उन्हें धोखा दिया जा रहा है। तीन वर्ष पहले पंजाब विधानसभा चुनाव के समय भी आप ने महिलाओं को एक-एक हजार रुपये देने का वादा किया था। आज तक वह वादा पूरा नहीं हुआ। नाराज महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा प्रत्येक चुनावी वादे को पूरा करते हैं।
आप नेताओं का कहना है कि भाजपा फ्री बिजली-पानी और महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा बंद कर देगी, क्या यह सही है?
बिल्कुल नहीं। आप भ्रम फैला रही है। भाजपा दिल्ली सरकार की सभी योजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू करेगी। इन योजनाओं में होने वाले भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाएगा। इस समय बिजली बिल पर पेंशन अधिभार सहित कई तरह के शुल्क लगाए जा रहे हैं। इसे समाप्त किया जाएगा। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही दुकानदारों को भी लाभ होगा। दिल्ली के दुकानदारों को देश में सबसे महंगी बिजली मिलती है। भाजपा की सरकार बनने पर उन्हें भी सस्ती बिजली मिलेगी। लोगों के घरों में या तो पानी नहीं आता है या फिर दूषित जल आपूर्ति हो रही है।
भाजपा इस समस्या को दूर कर प्रत्येक घर में आठ घंटे स्वच्छ जल उपलब्ध कराएगी। पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पूर्व में हुए समझौते के अनुसार उत्तर प्रदेश से गंगा जल लेकर बदले में उसे सिंचाई के लिए एसटीपी का शोधित पानी दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश से भी अधिक पानी लाया जाएगा। इस समय बसों की कमी है, जिससे महिलाओं को फ्री बस यात्रा का लाभ नहीं मिल पा रहा। भाजपा की सरकार बनने पर 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें लाई जाएंगी।
अरविंद केजरीवाल भाजपा पर झुग्गियां तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं?
केजरीवाल हमेशा झूठ बोलते हैं। दिल्ली में झुग्गियां केंद्र सरकार नहीं बल्कि आप सरकार तोड़ रही है। केजरीवाल को बताना चाहिए कि 12 वर्ष पहले बने लगभग 40 हजार फ्लैट गरीबों को क्यों नहीं आवंटित किए? वह पूर्व के चुनावों में भी इस तरह के झूठे आरोप लगाए थे। उन्हें अपने आरोप को साबित करने की चुनौती देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के झुग्गीवालों को जहां झुग्गी वहीं मकान योजना के अंतर्गत पक्के मकान दे रहे हैं।
![]()
कुछ दिनों पहले भी उन्होंने जेलरवाला बाग में 1,675 परिवारों को फ्लैट दिए। कई अन्य स्थानों पर फ्लैट बनाए जा रहे हैं। भाजपा की सरकार बनने पर पहले से तैयार सभी फ्लैट झुग्गीवासियों को दिए जाएंगे। नए फ्लैट भी बनाए जाएंगे, जिससे कि झुग्गीवाले सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें। उनके लिए आजीविका के साधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। गरीबों को राशन कार्ड बनाए जाएंगे। बुजुर्गों की पेंशन की समस्या दूर की जाएगी।
किस आधार पर भाजपा की सरकार बनने का दावा किया जा रहा है?
आप और केजरीवाल से लोगों का विश्वास उठ गया है, क्योंकि उन्होंने कोई भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया। न यमुना साफ किया और न प्रदूषण की समस्या दूर की। पेयजल संकट बढ़ रहा है। सफाई का बुरा हाल है। सड़कें जर्जर हो गई है। आप के विधायकों व नेताओं का उनके क्षेत्र में विरोध हो रहा है। केजरीवाल को भी कई स्थानों पर जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ा है। दिल्लीवासियों को मालूम है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ही दिल्ली का विकास कर सकती है।
नई दिल्ली और कालकाजी सीट पर भाजपा की क्या संभावना है?
नई दिल्ली सीट पर केजरीवाल चुनाव हार रहे हैं। वहां भाजपा प्रत्याशी की जीत होगी। केजरीवाल वहां तीसरे नंबर की लड़ाई लड़ रहे हैं, क्योंकि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में स्थित झुग्गियों में रहने वालों के लिए उन्होंने कोई काम नहीं किया। इस कारण लोगों में उनके प्रति भारी आक्रोश है। कालकाजी में मुख्यमंत्री आतिशी को हार का सामना करना पड़ेगा। आम आदमी पार्टी के कई अन्य प्रमुख नेता भी इस बार चुनाव हारेंगे।
यह भी पढे़ं- Delhi Chunav 2025: कांग्रेस की नई लिस्ट में 5 नाम, करोल बाग से मैदान में राहुल धानक; देखें पूरी सूची
कालकाजी से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने कांग्रेस सांसद प्रियंका वाड्रा व मुख्यमंत्री आतिशी को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की है। इससे भाजपा को कितना नुकसान होगा?
प्रत्येक नेता को अपनी भाषा पर संयम रखना चाहिए। भाजपा प्रत्याशी ने इसके लिए खेद भी प्रकट किया है। भाजपा हमेशा महिलाओं का सम्मान करती है। इस बारे में पार्टी की तरफ से बयान भी जारी किया गया था, लेकिन केजरीवाल व अन्य आप नेताओं को अपनी अमर्यादित भाषा के लिए कभी अफसोस नहीं होता है। वह विरोधी पार्टियों के नेताओं के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। उन्हें इसके लिए क्षमा मांगनी चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।