यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आप के राष्ट्रीय विस्तार को लग सकता है झटका
दिल्ली से राष्ट्रीय पार्टी तक का सफर तय करने वाली आम आदमी पार्टी को कथित आबकारी नीति में सिसोदिया की ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की नजर अब देश के कई राज्यों पर है, लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसादिया की आबकारी घोटाले में गिरफ्तारी से पार्टी की राष्ट्रीय विस्तार योजना को झटका लग सकता है। पार्टी भले ही केजरीवाल के नाम पर चल रही है, लेकिन दिल्ली ही वह राज्य है, जहां बोई गई राजनीतिक फसल को आप देशभर में काटने की तैयारी कर रही है।
दिल्ली का शिक्षा माडल हो या स्वास्थ्य का माडल या फिर बिजली-पानी मुफ्त वाले राज्य का तमगा हो, यही वह सब कार्य हैं, जिनका देशभर में आप प्रचार कर रही है और आप को उसका लाभ मिल रहा है। शायद यही कारण है, जिसकी वजह से आप गुजरात विधानसभा चुनाव में पांच सीटें जीत पाने में सफल रही है।
आज आप की दिल्ली के अलावा पंजाब में पूर्ण बहुमत की सरकार है। आप अब देशभर में अपना तेजी से विस्तार चाहती है। दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले केजरीवाल इसका हरियाणा से शंखनाद कर चुके हैं। दो दिन पहले ही पार्टी ने कर्नाटक, छत्तीसगढ़, राजस्थान, और मध्यप्रदेश में केजरीवाल का दौरा कराने की रणनीति बनाई थी। सिसोदिया की गिरफ्तारी के इस नए घटनाक्रम से आप नेता सकते में हैं।
आप का राजनीतिक सफर
- आम आदमी पार्टी का गठन नवंबर 2012 में हुआ था। lपार्टी ने 2013 में दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा, 70 में 28 सीटें जीतीं और कांग्रेस के समर्थन से पहली बार केजरीवाल सरकार बनी।
- 2015 में हुए दिल्ली विधानसभा के चुनाव में 70 में से 67 सीटें जीतीं।
- 2020 के विधानसभा चुनाव में भी आप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 में 62 सीटों पर जीत दर्ज की।
- 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीत सत्ता हासिल की।
- 2022 में गुजरात चुनाव में भी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय पार्टी बन गई।
- गोवा विधानसभा चुनाव में भी पार्टी दो सीटें जीतने में कामयाब रही।
- राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद राज्यों पर है नजर।
- दिल्ली नगर निगम में भी पार्टी की सरकार बन चुकी है। हालांकि इन 10 साल में आप कई चुनाव बुरी तरह हारी भी है।
- 161 विधायक हैं आप के पास पूरे देश में।
- 10 राज्यसभा सदस्य भी हैं।
- 62 विधायक दिल्ली, 92 विधायक पंजाब, दो विधायक गोवा और पांच विधायक गुजरात में
