विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Manish Sisodia Arrested: आबकारी घोटाला मामले में सिसोदिया की गिरफ्तारी, CBI आज कोर्ट में करेगी पेश

By GeetarjunEdited By: Geetarjun
Published: Sun, 26 Feb 2023 11:50 PM (IST)Updated: Mon, 27 Feb 2023 06:32 AM (IST)

Manish Sisodia Arrested दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से आठ घंटे तक लंबी पूछताछ के बाद सीबीआई ने गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

आबकारी घोटाला मामले में सिसोदिया की गिरफ्तारी, CBI आज कोर्ट में करेगी पेश
आबकारी घोटाला मामले में सिसोदिया की गिरफ्तारी, CBI आज कोर्ट में करेगी पेश

नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से आठ घंटे तक लंबी पूछताछ के बाद सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली आबकारी नीति घोटाला (Delhi Excise Policy 2021-22) मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई है। सिसोदिया को सीबीआई सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी। इसके पहले उनका मेडिकल किया जाएगा। आम आदमी पार्टी (AAP) ने उपमुख्यमंत्री और आप नेता सिसोदिया की गिरफ्तार के विरोध में नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन का आह्वान किया है।

मनीष सिसोदिया के गिरफ्तार होने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी के साथ सिसोदिया के आवास पर उनके परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे।

इन आरोपों में हुए गिरफ्तार

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आपराधिक साजिश रचने, खातों की हेरोफेरी, शराब माफिया के हित को ध्यान में रखते हुए पॉलिसी बनाने, भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम, सरकारी कर्मचारी से रिश्वत लेने आदि धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। इन धाराओं के तहत अधिकतम सात साल सजा व जुर्माने का भी प्रविधान है।

गंदी राजनीति कर रही बीजेपी- सीएम केजरीवाल

मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट किया है, उन्होंने कहा कि मनीष बेकसूर हैं। उनकी गिरफ्तारी गंदी राजनीति है। मनीष की गिरफ्तारी से लोगों में बहुत रोष है। लोग सब देख रहे हैं। लोगों को सब समझ आ रहा है। लोग इसका जवाब देंगे। इससे हमारे हौसले और बढ़ेंगे। हमारा संघर्ष और मजबूत होगा।

सीएम ने साधा भाजपा पर निशाना

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया साहसी व्यक्ति हैं, जो देश की सेवा में 24 घंटे लगे रहते हैं। देश देख रहा है कि उन्होंने कैसे हर गरीब के बच्चे को शिक्षा देने की कोशिश की है। हम देख रहे हैं किस तरह से देश में शरीफों, ईमानदार को जेल में डाला जा रहा है।

दिल्ली के जो लोग भ्रष्टाचारी हैं, उन्हें ये कुछ नहीं करते क्योंकि वे BJP के दोस्त हैं। मैं अभी मनीष सिसोदिया के परिवार से मिल कर आया हूं।

'AAP डरने वाली पार्टी नहीं'

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भाजपा के खिलाफ जो भी बोलेगा ये उसके साथ यही करेंगे। दिल्ली की तरक्की कराने वालों को ये जेल में भेजेंगे। आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली हुई पार्टी है, यह डरने वाली नहीं है।

दिल्ली सरकार में सबसे प्रभावशाली नेता हैं सिसोदिया

दिल्ली सरकार (Delhi Government) में मनीष सिसोदिया सबसे प्रभावशाली मंत्री हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और उप मुख्यमंत्री (Deputy CM) मनीष सिसोदिया के पास 18 मंत्रालय हैं। सत्येंद्र जैन की गिरफ्तार के बाद उनके मंत्रालय भी सिसोदिया के पास ही हैं।

दिल्ली पुलिस ने चौकसी बरतने के दिए निर्देश

सीबीआई मुख्यालय के बाहर सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री और दिल्ली पुलिस के करीब 200 जवान तैनात किए गए हैं। सिसोदिया अभी सीबीआई मुख्यालय के अंदर ही हैं। पुलिस मुख्यालय से सभी 15 जिले के डीसीपी को अपने अपने जिले में चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए। राजनीतिक गतिविधियों के मद्देनजर डीसीपी को अपने-अपने जिले में खास निगाह रखने को कहा गया।

BJP ने AAP पर साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिल्ली सरकार को आड़े हाथ लिया है। नई दिल्ली स्थिति भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में प्रेसवार्ता में संबित पात्रा ने कहा कि यह शायद विश्व में पहली बार हुआ है कि कोई शिक्षा मंत्री शराब घोटाले में गिरफ्तार हुआ है। शराब में कमीशन खोरी की बदबू अब भी दिल्ली में है। एक के साथ एक मुफ्त सभी को याद है। किस प्रकार स्कूलों के पास शराब के ठेके खोले गए यह दिल्ली और देश की जनता ने देखा है।