कैलाश हिल्स मर्डर: दुष्कर्म-हत्या के बाद चोरी भी की, 41 मिनट तक IRS अधिकारी के घर में रहा राहुल मीणा
दिल्ली के कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी राहुल मीणा एक दिन पहले ...और पढ़ें
HighLights
राहुल मीणा ने दिल्ली से पहले अलवर में भी किया दुष्कर्म।
आरोपी 41 मिनट तक आईआरएस अधिकारी के घर में रहा।
पूर्व कर्मचारी ने दुष्कर्म, हत्या और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म के बाद हत्या करने के आरोपित राहुल मीणा ने एक दिन पहले एक दोस्त के साथ मिलकर अलवर में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। उसके बाद वह भागकर दिल्ली आया था। यहां भी उस दरिंदे ने वैसी ही वारदात को अंजाम दिया। दुष्कर्म और हत्या के बाद उसने आईआरएस अधिकारी के घर चोरी भी की थी।
दुष्कर्म और हत्या के बाद चोरी भी की
बुधवार रात मीडिया से बातचीत में ज्वाइंट सीपी विजय कुमार ने कहा कि हो सकता है इस आरोपित की मनोवृत्ति हो या फिर डेढ़ महीना पहले काम से निकाले जाने का बदला लिया हो। दोनों बातें संभव हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित से भी इसे लेकर पूछताछ की जा रही है। कैलाश हिल्स में दुष्कर्म और हत्या के बाद आरोपित ने चोरी की भी वारदात को अंजाम दिया। घर में एक अलमारी टूटी हुई मिली है। घर से क्या-क्या चोरी हुआ, वह भी पता लगाया जा रहा है।
क्यों निकाला गया था राहुल मीणा?
उन्होंने बताया कि आरोपित को आईआरएस अधिकारी ने अपने एक जूनियर के सुझाव पर एक वर्ष पहले रखा था। वह अलवर के राजगढ़ तहसील, राजस्थान का रहने वाला है। ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी। आस-पास के ड्राइवर, गार्ड व अन्य से अक्सर उधार लेता और लौटाता नहीं था। घर का सामान लाने के लिए जो रुपये मिलते रख लेता और दुकान से उधार ले आता था। उसकी इन हरकतों की वजह से डेढ़ महीना पहले उसे निकाल दिया गया था।
अपराध के बाद बदले थे कपड़े
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक आरोपित जब घर के भीतर गया तो उसने सफेद ट्राउजर पहन रखी थी। वहीं, बाहर काली ट्राउजर में आया। उसके पास एक पिट्ठू बैग भी था। घर की मेड छुट्टी पर थी। पहले वह काम कर चुका था, इसलिए उसे पता था कि घर की चाभी कहां रखी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 15 टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से टीम द्वारका में आरोपित तक पहुंची। वह एक होटल में छिपा था। आरोपित को गिरफ्तार कर घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
41 मिनट घर के भीतर था आरोपित
- सुबह 6.30 बजे: आईआरएस अधिकारी पत्नी के साथ जिम के लिए निकले।
- सुबह 6.39 बजे: सफेद ट्राउजर व टी-शर्ट पहना आरोपित घर में घुसा।
- सुबह 7.20 बजे: ब्लैक ट्राउटर व टी-शर्ट में बाहर निकला।
- सुबह 8.00 बजे: दंपती वापस आए।
- सुबह 8.15 बजे: पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- कैलाश हिल्स हत्याकांड: CCTV से बचने की कोशिश में था दरिंदा राहुल मीणा, पार्क से भागकर मेट्रो तक पहुंचा
यह भी पढ़ें- दिल्ली में घरेलू सहायकों का 'खूनी' खेल, 5 साल में 750 से अधिक वारदात; सत्यापन न कराना पड़ रहा भारी
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन गेमिंग की लत, सिर पर कर्ज और नौकरी जाने का गुस्सा; इन वजहों से पूर्व नौकर ने की IRS की बेटी की हत्या
यह भी पढ़ें- IRS की बेटी का हत्यारा द्वारका में OYO से गिरफ्तार, CCTV में सुबह 6:24 बजे दिखा था; पता थी चाबी की जगह
