विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IRS की बेटी का हत्यारा द्वारका में OYO से गिरफ्तार, CCTV में सुबह 6:24 बजे दिखा था; पता थी चाबी की जगह

Published: Wed, 22 Apr 2026 09:09 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स में एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. IRS अधिकारी की बेटी की हत्या का खुलासा

  2. पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा गिरफ्तार हुआ

  3. आरोपी ने अलवर में भी दुष्कर्म किया था

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा को द्वारका में ओयो होटल से गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के दिन सुबह करीब 6:24 बजे पीली शर्ट पहनकर मुख्य गेट से घर की ओर जाता हुआ CCTV में कैद हुआ था। फुटेज में वह बेहद सामान्य तरीके से अंदर जाता दिखता है, जिससे साफ है कि उसे घर और आसपास के सिस्टम की पूरी जानकारी थी।

अधिकारी के जिम जाने के बाद घर में दाखिल हुआ था

पुलिस के मुताबिक, राहुल मीणा ने करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। वह पहले आठ महीने तक घर में काम कर चुका था और उसे चाबी रखने की जगह तक का पता था। इसी का फायदा उठाकर वह सुबह दंपती के जिम जाने के बाद घर में दाखिल हुआ।

हत्या की वारदात बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती का गला मोबाइल चार्जर के तार से घोंटा गया, जबकि उसके चेहरे और सिर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। यौन उत्पीड़न की आशंका भी जताई जा रही है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।

11 घंटे पहले अलवर में पड़ोसी महिला से भी दुष्कर्म किया था

इस केस को और ज्यादा चौंकाने वाला मोड़ तब मिला जब जांच में पता चला कि आरोपी ने दिल्ली पहुंचने से महज 11 घंटे पहले राजस्थान के अलवर में अपने पड़ोस में रहने वाली एक युवती के साथ भी दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह सीधे दिल्ली आया और इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद तेजी से मौके से भागा और आस्था कुंज पार्क की ओर निकल गया था। कई टीमों की मदद से उसे ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है। साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यौन उत्पीड़न के पहलू पर स्थिति साफ हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी के हत्यारोपी ने 11 घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी किया था दुष्कर्म

यह भी पढ़ें- IRS अधिकारी की बेटी के रेप और हत्या मामले में नौकर पर शक क्यों? इन 5 सवालों में समझें मर्डर मिस्ट्री

यह भी पढ़ें- दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या, चार्जर के तार से घोंटा गला