IPL 2025 के बीच गुजरात के क्रिकेटर ने किया संन्यास का एलान, बनाए 8000 से ज्यादा रन, पिता को याद करते हुए भावुक
भारत में इस समय आईपीएल का धमाल चल रहा है। इसी बीच भारत के एक क्रिकेटर ने संन्यास लेने का फैसला किया है। गुजरात के इस क्रिकेटर ने फर्स्ट क्लास में 8000 से ज्यादा रन बनाए हैं। संन्यास का एलान करते हुए ये दिग्गज काफी भावुक हो गया और अपने पिता को याद किया।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल में आज मुंबई इंडियंस का सामना पंजाब किंग्स से है। ये दोनों टीमें जब मैच की तैयारी कर रही थीं तब एक खिलाड़ी ने अपने करियर पर फुल स्टॉप लगाने का फैसला किया। गुजरात के दिग्गज बल्लेबाज प्रियांक पांचाल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है।
प्रियांक ने एक बयान जारी कर अपने संन्यास का एलान किया है। उन्होंने कहा कि वह तत्काल प्रभाव से फर्स्ट क्लास क्रिकेट को अलविदा कह रहे हैं। पांचाल कई बार टीम इंडिया की जर्सी पहनने के करीब पहुंचे लेकिन अनकैप्ड ही रहे। आईपीएल में भी उन्हें कभी खेलने का मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें-- IPL 2025: Mohammed Shami के बचाव में उतरे SRH के हेड कोच, बोले- वापस ढलने में हमेशा थोड़ा समय...
पिता को किया याद
पांचाल ने अपने बयान में पिता को याद किया है और भावुक होते हुए ये एलान किया है। उन्होंने लिखा, "बड़े होते हुए हर कोई अपने पिता को देखता है। उनको आदर्श मानता है और प्रेरित होता है। उनको इम्प्रैस करने की कोशिश करता है। मैं कोई अलग नहीं था। मेरे पिता मेरी ताकत थे। उन्होंने मुझे तो ऊर्जा दी उससे मैं प्रभावित हुआ। उन्होंने जिस तरह से मेरे सपनों को सच करने के लिए मुझे प्रेरित किया, छोटे शहर से आने वाले लड़के को भारत की कैप पहनने का सपना दिखाया।"
उन्होंने लिखा, "वह काफी पहले हमें छोड़कर चले गए, लेकिन ये सपना मैं दो दशकों तक अपने साथ लिए हुए थे। सीजन दर सीजन, आज तक। मैं प्रियांक पांचाल फर्स्ट क्लास क्रिकेट से तत्कालीन प्रभाव से अपने रिटायरमेंट का एलान करता हूं। मेरे लिए ये भावुक पल है।"
ऐसा रहा करियर
पांचाल ने 127 फर्स्ट क्लास मैचों में 45.18 की औसत से 8856 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 20 शतक और 34 अर्धशतक निकले। पांचाल ने कई बार इंडिया-ए का प्रतिनिधित्व किया। वह टीम इंडिया में भी कुछ दफा आए, लेकिन वह डेब्यू नहीं कर सके। इस सलामी बल्लेबाज को हमेशा विकल्प के तौर पर देखा गया, लेकिन मौका कभी नहीं मिला। पांचाल पार्थिव पेटल की कप्तानी में रणजी ट्रॉफी जीतने वाली गुजरात टीम का हिस्सा थे और जमकर बनाए थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।