विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

RR vs LSG: आवेश खान ने राजस्थान के जबड़े से छीनी जीत, लखनऊ ने रोमांचक मैच में रजवाड़ों को दी 2 रनों से मात

Published: Sat, 19 Apr 2025 11:25 PM (IST)Updated: Sat, 19 Apr 2025 11:32 PM (IST)

राजस्थान रॉयल्स की टीम तीन मैचों से चले आ रहे हार के सिलसिले को खत्म करी दिख रही थी लेकिन ...और पढ़ें

राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपरजायंट्स को दी मात
राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपरजायंट्स को दी मात

HighLights

  1. RR vs LSG: लखनऊ ने राजस्थान के मुंह से छीनी जीत
  2. RR vs LSG: यशस्वी जायसवाल ने खेली शानदार पारी
  3. RR vs LSG: आवेश खान ने पलटा मैच

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आवेश खान की शानदार गेंदबाजी के दम पर लखनऊ सुपरजायंट्स ने शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स के मुंह से जीत छीन ली। लखनऊ द्वारा बनाए गए पांच विकेट के नुकसान पर 180 रनों के जवाब में राजस्थान 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 178 रन ही बना सकी और दो रनों से मैच हार गई। 

एक समय आसानी से जीत की तरफ जाती दिख रही राजस्थान को आवेश ने 18वें ओवर में दो बड़े झटके देकर मैच पलट दिया। उन्होंने इस ओवर में अर्धशतक जमाने वाले यशस्वी जायसवाल और पैर जमा चुके राजस्थान के कप्तान रियान पराग को आउट कर लखनऊ को मैच में वापस ला दिया। आखिरी ओवर में राजस्थान को नौ रन चाहिए थे जो आवेश ने बनने नहीं दिए। 

लखनऊ के लिए एडेन मार्करम ने 45 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 66 रनों की पारी खेली। आयुश बडोनी ने 34 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए। इन दोनों की पारियों पर यशस्वी की अर्धशतकीय पारी भारी पड़ती दिख रही थी, लेकिन आवेश ने मैच ही पलट दिया।

यह भी पढ़ें- RR vs LSG: 'ये तो बच्चा है जी...', आउट होने के बाद रोने लगे वैभव सूर्यवंशी, तूफानी पारी से जीता फैंस का दिल

वैभव ने छोड़ी छाप

181 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान ने 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को संदीप शर्मा की जगह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर चुना और इस युवा खिलाड़ी ने पहली ही गेंद पर बता दिया कि उनमें प्रतिभा है। पहले ओवर की चौथी ओवर पर वैभव ने शार्दुल ठाकुर पर शानदार छक्का मार दिया। यहां से वह रुके नहीं। दूसरे छोर से यशस्वी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। वैभव ने परिपक्वता दिखाई और दूसरा छोर आराम से संभाले रहे।

नौवें ओवर की चौथी गेंद पर उनकी पारी का अंत हो गया। मार्करम की गेंद पर वह चूक गए और ऋषभ पंत ने उनको स्टम्प कर दिया। वैभव ने 20 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 34 रनों की पारी खेली। उनके बाद आए नीतीश राणा इस मैच में कुछ नहीं कर सके। ठाकुर ने उन्हें आवेश खान के हाथों कैच कराया। वह सात गेंदों पर आठ रन ही बना सके।

यशस्वी और पराग की साझेदारी

यहां राजस्थान को एक साझेदारी की जरूरत थी जो कप्तान रियान पराग ने यशस्वी के साथ मिलकर की। इन दोनों ने मैच राजस्थान की तरफ मोड़ दिया था। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। 18वें ओवर की पहली गेंद पर आवेश ने यशस्वी को शानदार यॉर्कर पर बोल्ड कर दिया। उन्होंने 52 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्कों की मदद से 74 रन बनाए।

आवेश ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर रियान पराग को एलबीडब्ल्यू कर राजस्थान को बड़ा झटका दे दिया। पराग ने 26 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 39 रनों की पारी खेली। 

आवेश ने दिखाया कमाल

आवेश ने दो विकेट लेकर लखनऊ को मैच में वापस ला दिया। लेकिन अगले ओवर में शिमरॉन हेटमायर ने प्रिंसय यादव को निशाना बनाया और 11 रन ठोक दिए। आखिरी ओवर में राजस्थान को जीत के लिए नौ रन चाहिए थे। सामने थे हेटमायर। ओवर की तीसरी गेंद पर आवेश ने हेटमायर को आउट कर दिया और फिर बाकी रन भी नहीं बनाने दिए।  

लखनऊ की खराब शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने वाली लखनऊ सुपरजायंट्स को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। मिचेल मार्श को जोफ्र आर्चर ने चार रनों पर ही पवेलियन भेज दिया। निकोलस पूरन इस मैच में फेल रहे और संदीप शर्मा का शिकार बने। उन्होंने आठ गेंदों पर 11 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर फेल हो गए। उनके बल्ले से तीन रन ही निकले।

बडोनी ने किया कमाल

पंत के बाद मार्करम भी पवेलियन लौट गए थे। यहां टीम पर संकट था और ऐसे में उसने इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल करते हुए मार्श को बाहर कर बडोनी को चुना। लखनऊ का ये दांव चल गया और इस बल्लेबाज ने शानदार पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने में अहम भूमिका निभाई। डेविड मिलर उनका साथ नहीं दे सके और सात रन बनाकर आउट हो गए। अब्दुल समद ने अंत में 10 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से नाबाद 30 रन बनाते हुए टीम को 180 के स्कोर तक पहुंचाया।

यह भी पढ़ें- GT vs DC: शतक से चूके जोस बटलर ने किया हैरान करने वाला खुलासा, राहुल तेवतिया की बैटिंग को लेकर कही यह बात