यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhattisgarh News: एसपी पर जानलेवा हमला, सिर पर लगी गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती
छत्तीसगढ़ से एक बड़ी खबर समाने आई है। सोमवार को कुछ बदमाशों ने एसपी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस ...और पढ़ें

छत्तीसगढ़, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में मतांतरण विवाद को लेकर जमकर बवाल मचा। दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के बीच सोमवार को जमकर पत्थरबाजी और लाठी-डंडे चले। इस दौरान कुछ बदमाशों ने एसपी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एसपी को सिर पर लगी गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें मौके पर अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद एसपी ने बताया
चोटिल होने के बाद एसपी ने पत्रकारों से बातचीत की, जिसमें उन्होंने बताया कि सोमवार को आदिवासी समाज के द्वारा एक मीटिंग रखी गई थी। इस मीटिंग में उनके लीडर्स से उन्हें कलेक्टर साहब के चैंबर में बुलाकर कलेक्टर साहब और मेरे द्वारा बातचीत की गई थी। तभी कुछ लोग नेतृत्वहीन होकर चर्च के उपर हमला करने के लिए चले गए थे। इसके बाद मैं भी वहां पुलिस बल के साथ उन्हें समझाने के लिए पहुंचा। इस कोशिश के दौरान सब मान भी गए थे।
लेकिन तभी अचानक पीछे से किसी ने मेरे उपर हमला किया, जिसमें मैं चोटिल हो गया। लेकिन फिर भी पुलिस- प्रशासन के द्वारा संयम रखा गया और संयमित करके लोगों को अलग किया गया। इसपर विधि पूर्वक कार्रवाई की जाएगी।
आदिवासी समाज ने निकाली विशाल रैली
जानकारी के अनुसार, मतांतरण विवाद को लेकर आदिवासी समाज ने विशाल रैली निकाली, जिसमें 5 हजार से अधिक की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। दरअसल, आदिवासी समाज का आरोप है कि मतांतरण के लिए सोची-समझी साजिश के तहत एक समुदाय विशेष द्वारा भाेले-भाले गरीब लोगों को प्रलोभन के जाल में फंसाकर अभियान चलाया जा रहा है। मतांतरण आदिवासी संस्कृति को प्रभावित कर रही है।
इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत है। उधर, धरना दे रहे मतांतरित लोगों का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और गांव से बाहर जाने का दबाव डाला जा रहा है। इनका आरोप है कि लगातार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।