सप्तक्रांति सुपरफास्ट के AC कोच में महिला इंजीनियर के साथ छेड़खानी, पेंट्रीकार मैनेजर पर FIR दर्ज
सप्तक्रांति एक्सप्रेस में एक महिला अभियंता के साथ छेड़खानी के आरोप में पेंट्रीकार मैनेजर संतोष साह के खिलाफ नरकटियागंज रेल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला ने आरोप लगाया कि हरिनगर स्टेशन के पास मैनेजर ने उनसे छेड़खानी की। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। छेड़खानी के पहले भी वह अवैध वसूली के आरोप में जेल जा चुका है।
संवाद सहयोगी, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जा रही सप्तक्रांति सुपरफास्ट (Sapt Kranti Superfast) के एसी कोच में निजी कंपनी की एक महिला अभियंता (इंजीनियर) से छेड़खानी के मामले में पेंट्रीकार मैनेजर संतोष साह के खिलाफ नरकटियागंज रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पेंट्रीकार मैनेजर संतोष नरकटियागंज के शिवगंज मुहल्ले का निवासी है। रेल थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। विगत आठ अप्रैल को महिला इंजीनियर के साथ छेड़खानी की गई थी।
मुजफ्फरपुर रेल थाने में दिया था आवेदन
महिला इंजीनियर ने पेंट्रीकार मैनेजर के खिलाफ मुजफ्फरपुर रेल थाने में आवेदन दिया था। उसी आवेदन पर नरकटियागंज रेल थाना में एफआइआर दर्ज की गई है।
पेंट्रीकार मैनेजर पहले भी हो चुका अरेस्ट
रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि नरकटियागंज रेल पुलिस ने संतोष साह को वर्ष 2023 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पेंट्रीकार बोगी में अवैध तरीके से यात्रियों को बैठाकर उगाही करने के आरोप में उसकी गिरफ्तारी हुई थी। संतोष के विरुद्ध पूर्व में दर्ज अन्य मामलों की भी जांच पड़ताल की जा रही है।
हरिनगर स्टेशन के आसपास की घटना
उल्लेखनीय है कि महिला अभियंता के साथ यह घटना गोरखपुर- मुजफ्फरपुर रेलखंड में हरिनगर स्टेशन के आसपास की है। पीड़ित 25 वर्षीय महिला के अनुसार वह सुबह 6:10 बजे बगहा में ट्रेन के थ्री एसी इकोनामी कोच एम-2 में सवार हुई थी। उसे मुजफ्फरपुर जाना था।
आधे घंटा बाद ट्रेन हरिनगर पहुंची तो पैंट्रीकार मैनेजर उसे अकेला पाकर छेड़खानी करने लगा। उसने हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर भी नहीं माना। महिला के चिल्लाने पर अन्य यात्री पहुंचे तो वह झगड़ने लगा। पीपरा स्टेशन पर पेंट्रीकार मैनेजर ट्रेन से उतकर फरार हो गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।